उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदर्शन कर रही थी लेकिन इस प्रदर्शन के बाद पार्टी खुद विवादों में घिर गई। हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने पीए मोदी पर एक विवादित टिप्पणी कर दी जिसके बाद उन पर बीजेपी हमलावर है। समाजवादी पार्टी के सांसद अपनी मांगो को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी के सोना ना खरीदने और तेल की बचत करने वाले बयान पर हमला बोलते हुए अमर्यादित टिप्पणी कर दी।
समाजवादी पार्टी के सांसद की इस टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पूरे प्रदेश में बीजेपी के कार्यकर्ता सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का पुतला फूंक रहे हैं। मीडिया से सोशल मीडिया तक बीजेपी के नेता और तमाम कार्यकर्ता सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के बयान पर हमलावर हैं। कार्यकर्ता इस टिप्पणी के कारण सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पर FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मई की गर्मी में ऐसी बारिश नहीं देखी होगी, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
सांसद ने क्या कहा?
सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'देश की जनता ने न तो ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री कभी देखा और न ही भविष्य में ऐसा प्रधानमंत्री देखने को मिलेगा। वह खुद तो खर्च कर विदेशों की यात्रा करते हैं और देश के लोगों से कहते हैं कि विदेश घूमने मत जाओ। ऐसा कोई प्रधानमंत्री कैसे कह सकता है। पीएम मोदी कहते हैं कि सोना न खरीदो। बताइये ऐसा बोलना चाहिए।' इस दौरान उन्होंने एक अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद से बीजेपी उनका विरोध कर रही है।
सीएम योगी ने की निंदा
सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट कर लिखा, 'पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। यह टिप्पणी राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है। यह 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान है। देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी।'
बीजेपी ने किया हमला
सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की इस टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को घेरा। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देकर एसपी ने किया सभी मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया के इशारे पर एसपी नेता गाली गलौज करते हैं।'
यह भी पढ़ें: दुर्गा पंडाल 'किंग', ममता बनर्जी के करीबी, सरकार बदलते ही गिरफ्तार हुए सुजीत बोस
रवि किशन ने की आलोचना
एसपी सांसद की इस टिप्पणी पर बीजेपी के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने भी जवाब दिया है और इसे एसपी की वास्तविक मानसिकता करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश का अपमान है और सासंद अजेंद्र लोधी को इसके लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए।