प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इस सप्ताह पांच देशों का दौरा करने जा रहे हैं। इस यात्रा में पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रुकेंगे। ऊर्जा सहयोग और व्यापार पर दोनों देशों के बीच रणनीतिक बातचीत होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 15 मई को UAE जाएंगे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे, ऊर्जा सहयोग, व्यापार और निवेश पर दोनों देशों के बीच अहम चर्चा होगी।
संयुक्त अरब अमीरात भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वहां 45 लाख से ज्यादा भारतीय रहते हैं। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 साल तक लोगों से विदेश यात्रा टालने की अपील की है। लोग उनके प्रस्तावित विदेश दौरे की आलोचना कर रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि प्रधानमंत्री खुद लोगों से विदेश यात्रा टालने, पेट्रोल-डीजल के कम इस्तेमाल की बात कर रहे हैं लेकिन खुद विदेश यात्रा पर निकल पड़े हैं।
यह भी पढ़ें: सोना, तेल और खाद कम खरीदने की बात क्यों कर रहे PM मोदी? सच बताएंगे आंकड़े
15 से 19 मई तक किन देशों का दौरा करेंगे PM मोदी?
- नीदरलैंड: यात्रा के दूसरे चरण में मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड्स जाएंगे। वहां वह किंग विलेम-अलेक्जेंडर और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, इनोवेशन, ग्रीन हाइड्रोजन और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।
- स्वीडन: प्रधानमंत्री 17-18 मई को स्वीडन पहुंचेंगे। पीएम मोदी वहां प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन से बातचीत करेंगे। दोनों नेता व्यापार बढ़ाने और नई साझेदारियों पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी यूरोपीय उद्योग मंच में भाषण देंगे।
- नॉर्वे: प्रधानमंत्री मोदी, 18-19 मई को नॉर्वे पहुंचेंगे। यह दौरा, बेहद अहम माना जा रहा है। यहां भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी नार्वे के किंग हेराल्ड पंचम और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर से मुलाकात करेंगे। भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्रियों के साथ बैठक होगी।
यह भी पढ़ें: 'पेट्रोल-डीजल, गैस का इस्तेमाल कम करें', PM मोदी की देश से सोना न खरीदने की अपील
इटली क्यों जाएंगे पीएम मोदी?
यात्रा के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 से 20 मई के बीच इटली जाएंगे। वहां प्रधानमंत्री मोदी, जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे। दोनों देश व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। यह यात्रा भारत और यूरोप के बीच व्यापार, निवेश तथा नई प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में संबंधों को मजबूत करेगी।