उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर सियासत थमती नहीं दिख रही है। रविवार को समाजवादी पार्टी (SP) के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जब घाट की तरफ रुख किया तो वहां मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। वाराणसी पुलिस ने सांसद वीरेंद्र सिंह और एमएलसी आशुतोष सिन्हा के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया है।

 

पिछले दिनों पाल समाज ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद से ही मणिकर्णिका घाट और आसपास के इलाके में पुलिस की भारी तैनाती है। रविवार को सपा प्रतिनिधिमंडल के आने की सूचना पर चप्पे-चप्पे पर जवानों को मुस्तैद किया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'शहजादे की ताजपोशी मुबारक,' तेजस्वी बने RJD कार्यकारी अध्यक्ष, रोहिणी ने तंज कसा

 

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन ने एक दर्जन से ज्यादा सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है। सर्किट हाउस के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था चुस्त की गई है। एमएलसी आशुतोष सिन्‍हा और सांसद वीरेंद्र सिंह को नजरबंद किया गया है। अपने कार्यकर्ताओं के साथ सांसद वीरेंद्र सिंह अपने आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन पर बैठ गए। सपा नेताओं ने प्रशासन पर लाठीचार्च की धमकी देने और मणिकर्णिका घाट न जाने देने का आरोप लगाया। 

 

 

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा, 'हम मणिकर्णिका घाट का निरीक्षण इंस्पेक्शन करने जा रहे हैं। सरकार ने भ्रम की स्थिति पैदा की है। वे जनता को गलत साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि वीडियो एआई से बनाया गया था, इसी वजह से उन्होंने हमारे कुछ साथियों को गिरफ्तार किया है। सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए।'

अखिलेश यादव ने बनाई थी कमेटी

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में एक 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। उन्होंने पार्टी नेताओं को मणिकर्णिका घाट के निरीक्षण का काम सौंपा था। सपा का आरोप है कि यूपी सरकार ने भ्रम की स्थिति पैदा की है। वहीं सरकार का कहना है कि घाट में कोई भी मूर्ति नहीं तोड़ी गई। एआई से बने कुछ वीडियो को ऑनलाइन प्रसारित किया गया है। सपा की कमेटी को इन्हीं वीडियो और फोटो की सत्यता की जांच करनी थी।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने किया T20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान, कौन हैं कप्तान?

कमेटी में कौन-कौन शामिल?

चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, बलिया सांसद सनातन पांडेय, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, सुल्तानपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी पाल, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, सपा महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र पाल, दक्षिणी के पूर्व सपा प्रत्याशी किशन दीक्षित, अजहर अली और पूर्व मंत्री सुरेंद पटेल।