पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता औप पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के एक बयान पर अब बवाल हो रहा है। प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर एक टिप्पणी की थी और इस टिप्पणी पर अब आम आदमी पार्टी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी अब बाजवा के घर के बाहर प्रदर्शन करने की तैयार कर रही है।
पंजाब के जंडियाला गुरु में आयोजित एक रैली में उन्होंने मंत्री हरभजन सिंह के पिता के पेशे के लेकर बयान दिया था। हरभजन सिंह के पिता बैंड बजाने का काम करते हैं। प्रताप सिंह बाजवा ने एक रैली में कहा, 'पांचवे लुटेरा यहां का ईटीओ है। जो पहले बैंड बजाता रहा है। अब इसका बैंड हम बजाएंगे। जितनी लूट हरभजन सिंह ने मचाई है उसकी सारी जानकारी हमारे पास है।'
यह भी पढ़ें: अब तक बचते रहे, अब तेज प्रताप ने नाम लेकर बता दिया कौन हैं 5 'जयचंद'
हरभजन सिंह पर लगाए आरोप
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि दिल्ली के लुटेरे पंजाब को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा, 'पहला व्यक्ति भगवंत मान है और उसके बाद दिल्ली के लुटेरे जो केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, जैन हो सब पंजाब को लूट रहे हैं।' उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह ने बड़े पैमाने पर अपने डिपार्टमेंट में लूट की है। यह अब बैंड बजाने वाला नहीं रहा लेकिन अब तो यह पंजाब की बैंड बजा रहा है। उन्होंने कहा, 'इसका बैंड हम अच्छे से बजाएंगे। अगर गुरु महाराज ने मौका दिया तो हम हिसाब करेंगे।'
क्या बोले हरभजन सिंह?
प्रताप सिंह बाजवा के इस बयान पर मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'बाजवा ने मेरे पिता के प्रोफेशन पर टिप्पणी की है लेकिन मुझे बैंड वाले का बेटा होने पर गर्व है। मेरे पिता ने मेहनत की है, कोई तस्करी नहीं की। मैं पीसीएस की परीक्षा पास करके अपनी काबिलियत से यहां तक पहुंचा हूं। ये कांग्रेसी नेता सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। इसलिए इन्हें भेदभाव करने की आदत है।'
हरभजन सिंह ने कहा कि बैंड बजाने वालों को भी अपने बच्चों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने का पूरा हक है। उन्होंने आगे कहा कि यह बयान कांग्रेस की बौखलाहट है और 2027 के चुनाव में दलित समाज इसका जवाब देगा।
AAP ने बताया दलति विरोधी
AAP नेता हरपाल सिंह चीमा ने प्रस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रसे को दलित विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह ईटीओ ने गरीबी से उठकर अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास की, ईटीओ बने और फिर समाज सेवा के लिए नौकरी छोड़कर राजनीति में आए। हरपाल सिंह चीमान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा दलित मंत्रियों को निशाना बनाती है। उन्होंने कहा कि जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
AAP करेगी प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी अब इस मुद्दे पर हमलावर है। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा को माफी मांगने के लिए कहा है। हरपाल चीमा ने कहा कि अगर 24 घंटे के भीतर माफी नहीं मांगी तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। AAP प्रताप सिंह बाजवा के घर के बाहर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। AAP ने आज 9 फरवरी को प्रताप सिंह बाजवा के चंडीगढ़ स्थित घर के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। AAP ने कहा कि मेहनत करके ऊंचे मुकाम तक पहुंचे लोगों का अपमान बर्दाशत नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर कार ने भंडारे से लौट रहे 8 लोगों को कुचला, 4 की मौत; कई घायल
कांग्रेस ने दी सफाई
विवाद बढ़ता देख कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे पर सफाई दी है। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह डैनी ने प्रताप सिंह बाजवा के बयान का बचाव किया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, 'प्रताप सिंह बाजवा ने दलित समाज को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। उनका इशारा पंजाब की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार की ओर था। अगर दलित समाज के खिलाफ कुछ कहा गया होता तो मैं खुद अपने नेता से बात करता। इस बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।'
