पंजाब पुलिस ने आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चल रहे अभियान में पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मुंबई में दो गैंगस्टर से खतरनाक आतंकवादी बने लोगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े थे। ये गिरफ्तारी मुंबई में इनके आने के तुरंत बाद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी सजन मसीह और सुखदेव कुमार उर्फ मुनीश बेदी हैं। सजन सिंह गुरदासपुर के वेरोके गांव का रहने वाला है और सुखदेव कुमार उर्फ मुनीश बेदी अमृतसर के लाहौरी गेट का निवासी है। दोनों पर हत्या, हत्या की कोशिश, हथियार और विस्फोटक रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनके खिलाफ UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत भी केस चल रहे हैं। ये मामले बटाला और अमृतसर के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: गाड़ी के बदले गडकरी ने TMC सांसद से बंगाल में मांगा समर्थन, वायरल हो गई बातचीत
पाकिस्तान से कनेक्शन
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि ये दोनों आरोपी पाकिस्तान की ISI द्वारा समर्थित हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और अमेरिका में गिरफ्तार BKI ऑपरेटिव हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी पासिया के महत्वपूर्ण साथी थे। ये दुबई और आर्मेनिया जैसे देशों में रहकर पंजाब में अपराध और आतंकवादी गतिविधियां चला रहे थे। DGP ने इसे पंजाब पुलिस की बड़ी जीत बताया।
पुलिस ने इनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए थे, जिसकी वजह से इनकी लोकेशन ट्रैक की जा सकी। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये BKI के नेटवर्क का हिस्सा थे। इनकी वजह से अमृतसर और बटाला में पुलिस स्टेशनों पर ग्रेनेड हमले हुए थे। साथ ही, जोरियां कलां के हरदीप सिंह और डेरा बाबा नानक के किराना स्टोर मालिक रवि कुमार की हत्या में भी इनका हाथ था। सजन मसीह आर्मेनिया में रहने वाले एक अन्य साथी शमशेर शेरा उर्फ हनी से भी संपर्क में था।
पैसा और हथियार भेज रहे थे
AIG SSOC अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर, SSOC अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस पठानकोट की संयुक्त टीम मुंबई भेजी गई। जैसे ही ये दोनों आरोपी पहुंचे, उन्हें पकड़ लिया गया। ये दोनों पंजाब में अपने साथियों को पैसा, हथियार और निर्देश भेजकर आतंकवादी गतिविधियां करवा रहे थे।
यह भी पढ़ेंः Punjab Election Result: जिला परिषद-पंचायत समित चुनाव में AAP आगे, दूसरे पर कौन?
दोनों को अमृतसर के SSOC पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 47 (25 अगस्त 2025) के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस केस में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराएं लगाई गई हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि विदेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि राज्य में शांति बनी रहे।
