संजय सिंह, पटना। राष्ट्रीय जनता दल के सांसद सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। पटना में उन्होंने दावा किया कि राज्य में हजारों करोड़ रुपये की लूट हुई है। उन्होंने कहा कि रिशु श्री मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने के बाद ही सरकार सक्रिय हुई है। 

 

राजद सांसद ने सबसे बड़ा आरोप वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल और टेंडर घोटाले के आरोपी रिशु श्री के बीच हुई कथित व्हाट्सएप चैट को लेकर लगाया। इससे पहले सांसद ने एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। 

 

यह भी पढ़ें: मैहर में बड़ा हादसा: कुएं में गिरा बैल, बचाने उतरे चार लोग; 3 की मौत

सांसद का दावा: चैट में लिखा है- 5 किलो जल्द भेज दीजिए  

सांसद सुधाक ने पत्रकारों के सामने कथित चैट का हवाला देते हुए बताया कि चैट में लिखा है- 'हमने आपको 15 बार फोन किया, आप फोन नहीं उठाए। हमको ऊपर से बहुत दबाव है। आप पांच किलो जल्द से जल्द भेज दीजिए। हम तेरे राज में बर्बाद हो गए।' सांसद सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर इस चैट में पांच किलो का क्या मतलब है। क्या यह पैसों की बात है, कमीशन की बात है या किसी और चीज की? इसकी जांच होनी चाहिए। जब तक पूरे मामले की जांच नहीं होती है सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी। 

ईडी-ईओयू अब तक क्यों चुप?

आरजेडी  सांसद ने आरोप लगाया कि इतनी सनसनीखेज चैट सार्वजनिक होने के बावजूद अब तक प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध इकाई ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जब चैट सामने आ गई है तो फिर जांच एजेंसियां हाथ पर हाथ क्यों धरे बैठी हैं। कहीं कोई बचाने तो नहीं लगा है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल वर्तमान में भी विभाग में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। आरोप लगने के बाद भी उन्हें पद पर बने रहने दिया जा रहा है। यह अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।

'पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल का है मामला'  

सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि ये सभी कथित घोटाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी दोषी हों उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। चाहे वह कितना भी बड़ा अधिकारी या नेता क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने वैभव सूर्यवंशी

टेंडर घोटाले से जुड़ा है रिशु श्री का नाम  

गौरतलब है कि रिशु श्री का नाम पहले भी कई टेंडर घोटालों में सामने आ चुका है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी टेंडर में गड़बड़ी कर करोड़ों रुपये का फायदा उठाया। अब एक बार फिर उनके नाम से जुड़ी चैट सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है।

 

सुधाकर के आरोपों के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आरजेडी ने इसे सरकार की नाकामी बताया है। वहीं सत्ता पक्ष के नेताओं का कहना है कि आरोप निराधार हैं और यह विपक्ष की साजिश है। 

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है। यदि जांच एजेंसियां सक्रिय नहीं हुईं तो विपक्ष सड़क से सदन तक इसे मुद्दा बनाएगा। फिलहाल पूरा मामला जांच के घेरे में है। देखना होगा कि प्रशासन और जांच एजेंसियां इस कथित चैट पर क्या कदम उठाती हैं।