हम हर रोज कम से कम तीन बार तो खाना खाते ही हैं और इसके अलावा भी कुछ ना कुछ खाने के लिए हमे चाहिए होता है। अपनी भूख पर कंट्रोल कर पाना हमारे लिए बहुत मुश्किल होता है। इतना खाना खाने के बावजूद भी हमारे शरीर के  लिए जरूरी आहार हम पूरे नहीं कर पाते और कई लोगों को तो मल्टीविटामिन लेने पड़ जाते हैं। हरियाणा में स्वामी चिरंजीपुरी महाराज अपनी डाउट के कारण एक बार फिर चर्चा में हैं। बीते 40 सालों से भी ज्यादा समय से स्वामी चिरंजीपुरी केवल छाछ पर ही जिंदा है। यानी तीन टाइम का खाना नहीं बल्कि आधा गिलास छाछ। उनकी डाइट को जानकर हर किसी के मन में एक ही सवाल आता है कि वह फिट कैसे रहते हैं। 

 

 स्वामी चिरंजीपुरी महाराज की उम्र 96 साल है और आज भी वह पूरी तरह स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने सिर्फ छाछ पर फिट रहकर दिखा दिया है कि कम खाना खाकर भी इंसान फिट रह सकता है। उनके साथी बताते हैं कि अनुशासित दिनचर्या, नियमित साधना और कम आहार के कारण वह फिट रहते हैं। स्वामी चिरंजीपुरी का कंट्रोल देखकर तो हर कोई हैरान है और उससे भी हैरान लोगों को इस बात ने किया है कि वह करीब 96 साल की उम्र में भी फिट हैं। 

 

यह भी पढ़ें- 'UP पुलिस उठा ले गई और रजाई ओढ़ाकर पीटा', बजरंग दल के कार्यकर्ता ने लगाए आरोप

जन्मदिन पर आयोजित किया कार्यक्रम

स्वामी चिरंजीपुरी महाराज के 96वें जन्मदिन के मौके पर श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्रम ट्रस्ट एक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यक्रम श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्रम आश्रम कुरुक्षेत्र में ही किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। 16 जनवरी को कैबिनेट मंत्री अनिल विज इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। 

96 साल की उम्र में भी फिट

पिछले 40 सालों से सिर्फ छाछ पर जिंदा रहने वाले स्वामी चिरंजीपुरी 96 साल के हो गए हैं। 96 साल की उम्र में भी वह फिट हैं और ट्रस्ट के काम में लगे रहते हैं। खबरगांव ने उनके ट्रस्ट के सदस्यों से उनकी दिनचर्या के बारे में पूछा तो हमें पता चला कि स्वामी चिरंजीपुरी सुबह 4 बजे यानी ब्रह्ममहुर्त में ही उठ जाते हैं और ध्यान करते हैं। इसके बाद वह अपनी दैनिक कार्यों में लग जाते हैं। वह पूरा दिन अन्न नहीं खाते  और ना ही कोई अन्य आहार लेते। पूरा दिन भूखे रहने के बाद वह रात के समय छाछ पीते हैं और यही छाछ उनका एकमात्र आहार है। इसी आहार पर वह पिछले 40 सालों से जिंदा हैं।

अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट के संस्थापक

स्वामी चिरंजीपुरी महाराज सामाजिक कार्यों में खास रुचि रखते हैं। उन्होंने श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्र्स्ट की स्थापना की है। इस आश्रम के जरिए वह कई धार्मिक और सामाजिक कार्य करवाते हैं। इस ट्रस्ट के महामंत्री सुभाष बिंदल ने खबरगांव को बताया कि स्वामी चिरंजीपुरी ने अपने जीवन की सारी कमाई इस ट्र्स्ट को दान कर दी और यह ट्रस्ट कई सामाजिक और धार्मिक कार्य करवाता है। अन्न दान करने के लिए यह संस्थान कई विशाल भंडारों का आयोजन करता है। इसके अलावा कई फ्री मेडिकल कैंप भी लगवाता है। 

 

श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट के तत्वावधान में एशिया का सबसे ऊंचा मंदिर ज्ञान मंदिर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उनकी संस्था के सदस्यों ने बताया कि 2027 तक इस मंदिर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।