संजय सिंह। बिहार चुनाव के बाद पूरे प्रदेश की राजनीति का रंग बदला-बदला सा नजर आ रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है तो एनडीए तेजस्वी यादव पर लगातार हमलावर होते दिख रहा है। जेजेडी के नेता तेज प्रताप यादव का बयान इस राजनीतिक हमले में घी का काम कर रहा है। आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि जबसे उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह मंत्री का पद संभाली है, तबसे बिहार में 100 हत्याएं हो चुकी हैं।
आरजेडी के इस आरोप का जवाब बीजेपी-जेडीयू के बदले तेज प्रताप यादव ने दिया है। तेज प्रताप ने कहा है कि पूरे प्रदेश में अपराधियों के मन में कानून का भय है। सम्राट चौधरी बेहतर काम कर रहे हैं। इधर आरजेडी बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव पर हमलावर है। रामकृपाल यादव ने भी बड़ी चालाकी से अपने ऊपर हुए राजनीतिक हमले का जवाब दिया है।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में अवैध कट्टों के बाद बन रही नकली सिगरेट, कहां से आ रहा चोरी का माल?
एक महीने में 100 हत्या
आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव का आरोप है कि गृह मंत्री सम्राट चौधरी काम करने की बजाय मीडिया में बयान देकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि जबसे सम्राट गृह मंत्री बने हैं पूरे प्रदेश में 100 लोगों की हत्या हो चुकी है। इससे कानून-व्यवस्था का सहज अंदाज लगाया जा सकता है। अन्य तरह के अपराधों का आंकड़ा अलग है। आरजेडी प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। यही कारण है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कारवाई करने में डरती है। एनडीए के नेताओं ने विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को जंगलराज का सपना दिखाकर दिग्भ्रमित किया असली जंगलराज तो प्रदेश के लोग अब देख रहे हैं।
तेज प्रताप ने सम्राट को बेहतर बताया
जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने आरजेडी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। तेज प्रताप ने कहा कि सम्राट चौधरी एक कुशल नेता हैं। प्रदेश की विधि व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अपराधी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। हत्या की घटनाएं सिर्फ बिहार में ही नहीं होती बल्कि अन्य प्रदेशों में भी होती हैं। तेज प्रताप के इस बयान से बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया। मालूम हो कि गुरुवार को तेज प्रताप ने अपनी जान पर खतरा बताते हुए सम्राट चौधरी से सुरक्षा भी मांगी थी। घर और पार्टी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप आरजेडी के खिलाफ लगातार हमलावर हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी में कितने असरदार हैं ब्राह्मण? आंकड़े और संख्या से सब जान लीजिए
कृषि मंत्री बोले चोर मचाए शोर
राष्ट्रीय जनता दल ने अपने एक्स हैंडल पर खाद की तस्करी होने वाली तस्वीर डाली है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मंत्री, अधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की मिलीभगत से बिहार के किसानों के हिस्से की खाद नेपाल में बेची जा रही है। आरजेडी के इस आरोप पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव नाराज हो गए।
उन्होंने कहा कि आरजेडी की उत्पत्ति भ्रष्टाचार की कोख से हुई है। आरजेडी नेताओं पर चोर मचाए शोर वाली कहावत सटीक बैठती है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप साबित हो जाय तो वे मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने दावा किया कि आरजेडी के अधिकांश विधायक उनके संपर्क में हैं। अगर तेजस्वी यादव का यही रवैया रहा तो वह दिन दूर नहीं जब आरजेडी जीरो पर सिमट जाएगी।
