दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक से ठीक पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बीजेपी और आरएसएस की तारीफ की है। उन्होंने संगठन की शक्ति के बहाने यह बताने की कोशिश की कि कैसे आरएसएस और बीजेपी में एक जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता उच्च पदों तक पहुंच जाता है।
अपने बयान के आखिर में उन्होंने जय सिया राम भी लिखा। दिग्विजय सिंह की इस पोस्ट की मध्य प्रदेश के सियासी हलकों में चर्चा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या वह बीजेपी से नजदीकियां बढ़ाना चाहते हैं या कांग्रेस हाईकमान को कोई बड़ा संदेश देना चाहते हैं।
दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'Quora site पर मुझे यह फोटो मिला है। बहुत ही प्रभावशाली है। किस तरह आरएसएस का जमीनी स्वयंसेवक और जनसंघ का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यह संघटन की शक्ति है। जय सिया राम।'

यह भी पढ़ें: 600 गिरफ्तारी, हथियार-गांजा जब्त; नए साल से पहले दिल्ली में 'ऑपरेशन आघात 3.0'
कांग्रेस में सुधार की नसीहत भी दे चुके दिग्विजय
दिग्विजय सिंह ने 19 दिसंबर को भी एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नसीहत देने का प्रयास किया। उन्होंने लिखा था, 'राहुल गांधी जी सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर आप बिल्कुल सही हैं। पूरे नंबर। मगर अब कृपया कांग्रेस पर भी ध्यान दें। जैसे चुनाव आयोग को सुधारों की जरूरत है, वैसे ही इंडियन नेशनल कांग्रेस को भी।'
दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा, 'आप ने 'संगठन सृजन' से शुरुआत की है, लेकिन हमें और अधिक व्यावहारिक विकेन्द्रीकृत कामकाज की आवश्यकता है। मुझे यकीन है कि आप ऐसा करेंगे, क्योंकि मुझे पता है कि आप यह कर सकते हैं। बस दिक्कत यह है कि आपको 'मनाना' आसान नहीं है! जय सिया राम।' खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह ने अपनी इस पोस्ट को पिन भी कर रखा है।
