छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक नहर पर बना करीब 40 साल पुराने पुल की चोरी हो गई है। 10 टन से ज्यादा वजनी इस पुल को चोर ले उड़े। यह पुल, चोरों ने रात में ऐसे चोरी की है कि यहां कुछ बचा ही नहीं है। चोरी पर बवाल मचा तो पुलिस को आनन-फानन में सफाई देनी पड़ी। शनिवार को पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पुल की चोरी की बात मानी है और इस सिलसिले में कुच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में पता चला है कि इस घटना में 15 लोग शामिल थे, जिन्होंने कथित तौर पर गैस कटर से पुल को काटकर चुरा लिया और उसे कबाड़ में बेच दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने कहा है कि अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: पेंगुइन का डेथ मार्च देख भावुक लोग किस बला के शिकार? कहानी एंथ्रोपोमोर्फिज्म की
दिन में पुल था, सुबह चोरी हो गया पुलिस
कोरबा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि 18 जनवरी की सुबह लोगों ने देखा कि ढोढीपारा इलाके में नहर पार करने के लिए बना लोहे का पुल गायब है। इसके बाद लोगों ने वार्ड के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास को इसकी जानकारी दी। पार्षद ने पुलिस को बताया, जिसके बाद सीएसईबी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर मामले की जांच के लिए एक पुलिस दल का गठन किया गया। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों ने पुल को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया है। इस चोरी में शामिल 15 आरोपियों की पहचान की गई है।
यह भी पढ़ें: एक महीने में 900 मौतें, तेलंगाना में कुत्तों की जान क्यों ले रहे लोग?
किन लोगों पर लगे हैं चोरी के आरोप?
पुलिस ने बताया है कि लोचन केवट, जयसिंह राजपूत, मोती प्रजापति, सुमित साहू और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिक्चर को गिरफ्तार किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपी 30 साल से कम उम्र के हैं। उन्होंने पुल चोरी करने की बात भी कबूल कर ली है।
यह भी पढ़ें: रेप, हिंसा, अश्लील फिल्में..., 13 साल तक पूर्व पत्नी पर जुल्म ढाता रहा ये नेता
10 आरोपी हैं फरार
पुलिस चोरी के मुख्य आरोपी मुकेश साहू और असलम खान समेत 10 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। सीएसईबी पुलिस चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया है कि पुलिस ने चोरी के बाद नहर के अंदर छिपाया गया लगभग सात टन लोहा जब्त कर लिया है। चोरी का लोहा ले जाने में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बाकी चोरी का सामान कहां बेचा गया है।
यह भी पढ़ें: सोसाइटी में खेल रहे बच्चे को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर हो गई मौत
पुल हुआ चोरी, मुश्किल में आए लोग
वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने समाचार एजेंसी भाषा से हुई बातचीत में बताया है कि करीब 70 फुट लंबा और पांच फुट चौड़ा 10 टन वजनी यह पुल करीब 40 साल पहले बनाया गया था। पुल चोरी होने के बाद से स्थानीय लोग नहर पार करने के लिए पास के कंक्रीट पुल का इस्तेमाल कर रहे हैं। पूरे राज्य में चोरी हुए इस पुल की चर्चा हो रही है।
