रेप, हिंसा, अश्लील फिल्में..., 13 साल तक पूर्व पत्नी पर जुल्म ढाता रहा ये नेता
ब्रिटेन के एक नेता ने अपनी पत्नी का 13 साल तक शोषण किया। उसके साथ 5 अन्य लोगों को अदालत ने सजा सुनाई है। मामला क्या है, पढ़िए रिपोर्ट।

फिलिप यंग। AI Edits. Photo Credit: Sora
ब्रिटेन में एक नेता की दरिंदगी की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसे जानकर आपकी रूह कांप जाएगी। एक पॉलिटीशियन ने अपनी पूर्व पत्नी के साथ 13 साल तक रेप किया, उसे बेहोशी की दवाइयां दीं, शारीरिक हिंसा की और उस पर जुल्म ढाता रहा। शख्स ने अदालत में खुद अपने सारे आरोप कबूल लिए हैं। ब्रिटिश राजनेता का नाम फिलिप यंग है और उसकी उम्र 49 साल है। शख्स ने अदालत के सामने जब अपने सारे गुनाह कबूले, हर कोई सन्न रह गया।
ब्रिटेन के विंचेस्टर क्राउन कोर्ट में यह मुकदमा चल रहा है। शख्स ने अपनी पूर्व पत्नी जोआन यंग के सामने कई गंभीर आरोपों में दोष स्वीकार किया। आमतौर पर ऐसे मामलों में पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जाती है लेकिन जोआन ने अपनी पहचान सार्वजनिक की और गोपतनीयता के अधिकार को त्याग दिया।
यह भी पढ़ें: मणिपुर हिंसा में हुई थी गैंगरेप का शिकार, चार्जशीट भी फाइल नहीं हुई और हो गई मौत
फिलिप यंग कौन हैं?
फिलिप यंग पूर्व कंजर्वेटिव पार्टी के काउंसलर थे। उन्होंने 2007 से 2010 तक स्विंडन बरो काउंसिल में कविंगहम और नाइथ इलाके का प्रतिनिधित्व किया था। 2010 में उन्होंने पारिवारिक वजहों से इस्तीफा दे दिया था। अब वे 49 साल के हैं और पूर्व पत्नी जोआन 48 साल की हैं। दोनों का तलाक 2024 में हो चुका है।
रेप, हिंसा, अश्लील फिल्में, फिलिप यंग के जुर्म क्या हैं?
फिलिप पर कुल 56 आरोप लगे थे। इनमें से उन्होंने 48 आरोपों में दोषी कबूल किया। इसमें 11 बार बलात्कार, 11 बार पत्नी को बेहोश करने के लिए दवा देने के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 14 बार छिपकर देखने के आरोप, 7 बार पेनेट्रेशन असल्ट, 4 बार यौन हमला और 1 बार अश्लील सामग्री प्रकाशित करने के आरोप भी कबूल किए।
फिलिप यंग ने, 200 से ज्यादा बार अपनी पत्नी के प्राइवेट मोमेंट को रिकॉर्ड किया, अश्लील फिल्में बनाईं और 500 से ज्यादा अंतरंग तस्वीरें और वीडियो बिना सहमति के बनाए और शेयर किए। फिलिप ने कुछ आरोपों से इनकार किया। उन्होंने बच्चों की अश्लील तस्वीरें रखने और अत्यधिक अश्लील सामग्री के कुछ मामलों में खुद को निर्दोष बताया। ये अपराध 2010 से 2023 तक के बीच हुए।
यह भी पढ़ें: 12 साल से कर रहा था अपनी ही बेटियों का रेप, अब जाकर हुआ गिरफ्तार
पीड़िता ने पहचान छिपाने से इनकार किया
अदालत में जोआन अपनी बहन और एक सहयोगी के साथ मौजूद रहीं। विटशायर पुलिस के डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट जेफ स्मिथ ने जोआन की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सुनवाई एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और जोआन ने पूरे मामले में बहुत हिम्मत दिखाई है। पुलिस ने कहा कि यह जटिल और लंबी जांच का नतीजा है। इस मामले में फिलिप के अलावा पांच अन्य पुरुष भी आरोपी हैं। ये सभी जोआन के खिलाफ अलग-अलग यौन अपराधों के आरोप में हैं। इनकी उम्र 31 से 61 साल के बीच है।
और किन लोगों पर आरोप लगे हैं
- नॉर्मन मैकसोनी, उम्र 47 साल, बलात्कार का आरोपी
- रिचर्ड विल्किंस, 61 साल, एक बार बलात्कार और गलत तरीके से छूने के आरोप
- डीन हैमिल्टन, 47 साल, दो बार यौन हमला और एक बार पेनेट्रेशन असल्ट के आरोप
- कॉनर सैंडर्सन डॉयल, 31 साल, पेनेट्रेशन असल्ट
- मोहम्मद हसन, 37 साल, गलत तरीके से छूने के आरोप
यह भी पढ़ें: अगवा किया, अश्लील गाने गवाए, जबरदस्ती शराब पिलाई फिर गैराज ले जाकर किया गैंगरेप
अब आगे क्या?
नॉर्मन मैकसोनी, रिचर्ड विल्किंस, डीन हैमिल्टन, कॉनर सैंडर्सन डॉयल और मोहम्मद हसन अभी जमानत पर हैं और इनकी सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। कुछ रिपोर्टों में एक सातवें व्यक्ति की तलाश का भी जिक्र है, लेकिन मुख्य रूप से छह आरोपी हैं।
यह भी पढ़ें: यूट्यूबर और दरोगा ने किया नाबालिग का गैंगरेप, लीपापोती में जुट गए पुलिसकर्मी
यूरोप में बढ़े हैं ऐसे मामले
CNN की एक रिपोर्ट बताती है कि यूरोप में मैरिटल रेप के मामले बढ़ रहे हैं। महिलाओं को दवाई देकर बेहोश करने और बिना सहमति के अंतरंग तस्वीरें शेयर करने वाले अपराध बढ़े हैं। पिछले महीने जर्मनी में एक 61 साल के व्यक्ति को अपनी पत्नी को दवा देकर बलात्कार करने और वीडियो ऑनलाइन शेयर करने के लिए दोषी ठहराया गया था।
फ्रांस में डोमिनिक पेलिकोट केस सबसे चर्चित रहा। उसने अपनी पत्नी गिसेल के साथ 10 साल तक दर्जनों अजनबियों को बुलाकर बलात्कार करवाया। दिसंबर 2024 में उन्हें और 49 अन्य पुरुषों को दोषी ठहराया गया। इस मामले ने फ्रांस में लैंगिक हिंसा और महिलाओं के खिलाफ पूर्वाग्रह पर बड़ी बहस छेड़ दी।
फिलिप यंग के मामले में भी कई सवाल उठ रहे हैं। कैसे एक पूर्व राजनेता इतने लंबे समय तक ऐसे अपराध करता रहा? पुलिस की जांच कैसे चली? और समाज में महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या बदलाव जरूरी हैं? जोआन की बहादुरी से अन्य पीड़िताओं को भी हिम्मत मिल सकती है। पुलिस और अदालत इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


