अमेरिका का न्यूयॉर्क शहर में दुनिया की सबसे मंहगी टॉयलेट नीलामी के लिए तैयार है। यह कोई आम टॉयलेट नहीं है बल्कि पूरी तरह सोने से बनी हुई टॉयलेट है। इसे बनाने में 101.2 किलोग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया है। इसे मशहूर इटैलियन कलाकार मॉरिजियो कैटेलन ने बनाया था और इस टॉयलेट का नाम 'अमेरिका'रखा गया है। सोने से बनी इस टॉयलेट की नीलामी 18 नवंबर को न्यूयॉर्क में होगी। शुक्रवार को सॉथबी ऑक्शन हाउस ने यह जानकारी शेयर की। 

 

सॉथबी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इल नीलामी के बारे में जानकारी दी। सॉथबी ने लिखा, 'इटैलियन कलाकार मौरिजियो कैटेलन की बनाई हुई विश्व प्रसिद्ध 'अमेरिका' नाम की ठोस गोल्ड टॉयलेट नीलामी के लिए तैयार है।' इस टॉयलेट को बनाने में 100 किलो से ज्यादा सोने का इस्तेमाल किया गया है। इसलिए इसकी शुरुआती कीमत इसमें इस्तेमाल किए गए सोने की कीमत के बराबर रखी गई है। इसकी नीलामी 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 83 करोड़ रुपये से शुरू होगी। 

 

यह भी पढ़ें-- 1 नवंबर, 2025 से दिल्ली में नहीं चलेंगी ये गाड़ियां, क्या है CAQM का नया आदेश

क्यों बनाया सोने का टॉयलेट?

इस टॉयलेट के जरिए एक खास मैसेज देने की कोशिश की गई है। इसे बनाने वाली कलाकार मॉरिजियो कैटेलन ने एक बार कहा था कि आप चाहे जो भी खाएं, 200 डॉलर का लंच या 2 डॉलर का हॉट डॉग, टॉयलेट के मामले में नतीजा एक ही होता है। कैटेलन ने 2016 में 'अमेरिका' नाम से दो टॉयलेट बनाए थे, जिनमें से एक की अब नीलामी होगी। इस टॉयलेट को साल 2016 में अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के गुगेनहाइम म्यूजियम के एक बाथरूम में प्रदर्शित किया गया था। इसे देखने के लिए 1,00,000 से ज्यादा लोग आए थे। उस समय इस टॉयलेट को देखने के लिए लंबी कतारें लगी थी।

 

यह टॉयलेट अमेरिका ही नहीं पूरी दुनिया में कई बार चर्चा में रह चुका है। म्यूजियम ने इस टॉयलेट को  इतना चर्चित बना दिया था कि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी ऑफर दिया गया था कि वे इसे व्हाइट हाउस में रख सकते हैं। हालांकि ट्रंप ने यह ऑफर ठुकरा दिया थ। उन्होंने एक पेंटिंग उपहार में ली थी। 

सोने का टॉयलेट हुआ था चोरी

मॉरिजियो कैटेलन ने सोने के दो टॉयलेट बनाए थे। एक टॉयलेट तो अभी भी दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है लेकिन दूसरा टॉयलेट कहां है किसी को पता नहीं है। दूसरे टॉयलेट को 2019 में इंग्लैंड के  ब्लेनहाइम पैलेस में प्रदर्शित किया गया था। यह विंस्टन चर्चिल का जन्मस्थान था। कुछ ही दिनों में इसे चुरा लिया गया था। चोर पैलेस में घुसकर इसे जबरन पाइप से उखाड़कर भाग गए थे। इस मामले में दो लोगों को सजा भी हो चुकी है लेकिन टॉयलेट कभी बरामद नहीं हुआ। जांच कर रहे अधिकारियों का मानना है कि टॉयलेट टूट गया होगा या फिर पिघलाकर सोना बेच दिया गया होगा। इस चोरी ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी थीं। 

 

यह भी पढ़ेंफायरिंग, पथराव और हिंसा, दुलारचंद की हत्या के बाद मोकामा में क्या-क्या हुआ?

नीलामी से पहले लगेगी प्रदर्शनी

18 नवंबर को होने वाली नीलामी से पहले इसे 8 नवंबर से न्यूयॉर्क के ब्रूअर बिल्डिंग में प्रदर्शित किया जाएगा। यहां जाकर लोग इसे नजदीक से देख सकेंगे लेकिन इस बार इसे इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इससे पहले हुई प्रदर्शनी में लोग 3 मिनट की बुकिंग करके इसका इस्तेमाल कर सकते थे। बता दें कि इस टॉयलेट को बनाने वाली कलाकार मॉरिजियो कैटेलन का नाम कई बार विवादों और चर्चाओं में रहता है। उन्होंने पहले एक केले को दीवार पर टेप से चिपकाकर ‘Comedian’ नाम से बेचा था, जिसकी कीमत 6.2 मिलियन डॉलर लगी थी। उन्होंने एक और कलाकृति में घुटनों पर बैठा हिटलर दिखाया गया था। इस कलाकृति 17.2 मिलियन डॉलर में बेचा गया था।