तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक शराबी आदमी की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। चेन्नई में हुई इस वारदात का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारे गए शख्स की उम्र 30 साल है। शख्स का नाम कलाइसेलवन है। शख्स पर भीड़ ने आरोप लगाया कि उसने एक महिला पर ऑटो से पेशाब कर दिया था।
कलाइसेलवन पेशे से वैन ड्राइवर था। वह अपने दोस्त बालाजी के साथ ऑटो में जा रहा था, तभी एक महिला से उसका विवाद हो गया। दोनों शराब के नशे में धुत थे। ऑटो में बैठे-बैठे उसने पेशाब कर दिया, जिससे सड़क पर चल रही एक महिला के कपड़े गंदे हो गए।
यह भी पढ़ें: वर्दी वाला निकला धोखेबाज, शादी से मुकरा सिपाही तो महिला ने लगाई फांसी
पेशाब भी किया, लड़ाई भी, भड़के लोग
महिला ने आपत्ति जताई तो कलाइसेलवन और उसके दोस्त ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। आसपास के लोग महिला का साथ देने आए और गुस्से में भीड़ ने कलाइसेलवन और उसके दोस्त पर हमला कर दिया।
भीड़ ने इतना पीटा कि मौत हो गई
कलाइसेलवन को भीड़ ने इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया और गिर पड़ा। उसे तुरंत स्टेनली सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका दोस्त बालाजी भी गंभीर रूप से घायल है और इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर गोबर के उपलों की तेजी से मांग क्यों होने लगी है?
घरवाले लाश लेने को तैयार नहीं, रखी शर्त
मृतक के परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है और कहा है कि जब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक शव नहीं लेंगे। परिवार का आरोप है कि घटना पुलिस स्टेशन के पास हुई, लेकिन पुलिस ने लापरवाही की और एंबुलेंस तक नहीं बुलाई।
अब आगे क्या?
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस हमलावरों को तलाश रही है।
