भारत में एलन मस्क की एंट्री क्या मजबूरी है? समझें टेस्ला का पूरा प्लान
अमेरिकी अरबपति एलन मस्क भारत में एंट्री की तैयारी कर रहे हैं। उनकी कंपनी टेस्ला जल्द ही भारतीय मार्केट में आने वाली है। कंपनी ने भारत में भर्तियां भी शुरू कर दी हैं।

एलन मस्क और पीएम मोदी। (Photo Credit: PMO India)
सालों से कोशिश कर रहे एलन मस्क क्या अब भारत में एंट्री करने जा रहे हैं? ऐसा इसलिए क्योंकि एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने भारत में भर्ती शुरू कर दी है। इसके अलावा टेस्ला ने भारत में शोरूम और प्लांट के लिए भी जगह ढूंढनी शुरू कर दी है।
एलन मस्क की भारत में एंट्री की अटकलें ऐसे समय हो रही हैं, जब हाल ही उन्होंने अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। मस्क पिछले साल भी प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए भारत आने वाले थे लेकिन ऐन वक्त पर उनका दौरा रद्द हो गया था।
भारतीय मार्केट में टेस्ला के आने का इंतजार सालों से हो रहा है। एलन मस्क भी सालों से टेस्ला को भारत में लाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, कभी बात नहीं बन सकी। मगर अब माना जा रहा है कि मस्क ने भारत में टेस्ला को उतारने का मन बना लिया है।
यह भी पढ़ें-- पंजाबी-हरियाणवी ही नहीं, US में अवैध एंट्री करने में गुजराती भी आगे!
मस्क की भारत में एंट्री की अटकलें क्यों? 3 कारण
- कंपनी में भर्तियां शुरूः टेस्ला ने भारत में 13 पदों पर भर्ती निकाली है। टेस्ला ने LinkedIn पर भर्ती का विज्ञापन दिया है। टेस्ला ने सर्विस एडवाइजर, पार्ट्स एडवाइजर, टेक्नीशियन, सर्विस मैनेजर, सेल्स एंड कस्टमर सपोर्ट, स्टोर मैनेजर, बिजनेस ऑपरेशन एनालिस्ट, कस्टमर सपोर्ट स्पेशलिस्ट, ऑपरेशन्स स्पेशलिस्ट, इनसाइड सेल्स एडवाइजर और कंज्यूमर इंगेजमेंट मैनेजर जैसे पदों पर भर्ती निकाली है।
- मैनुफैक्चरिंग प्लांट के लिए जगहः मस्क की कंपनी टेस्ला भारत में मैनुफैक्चरिंग प्लांट के लिए जगह तलाश रही है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार से इसे लेकर बातचीत चल रही है। महाराष्ट्र में कंपनी इसलिए प्लांट खोलना चाहती है, क्योंकि पुणे में इसका ऑफिस भी है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार ने पुणे के पास चाकन और चिखली में जगह बताई है। चाकन में ही मर्सिडीज का प्लांट भी है।
- शोरूम के लिए भी जगहः एलन मस्क भारत में एंट्री करने के लिए शोरूम की जगह भी तलाश रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मुंबई और दिल्ली में टेस्ला का शोरूम खुल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो टेस्ला ने शोरूम के लिए मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और दिल्ली में Aerocity को चुन लिया है।
यह भी पढ़ें-- 12 बच्चों के पिता एलन मस्क, 13वें पर हंगामा, क्या है नया बवाल?
क्या है एलन मस्क का प्लान?
एलन मस्क का प्लान है भारत के इलेक्ट्रिकल व्हीकल (EV) मार्केट में एंट्री करना। मस्क लंबे समय से भारत में एंट्री करने की कोशिश कर रहे हैं। मस्क भारत में मैनुफैक्चरिंग प्लांट भी बनाना चाहते हैं। हालांकि, अब तक उनकी बात नहीं बन सकी थी।
अब तक मस्क के प्लान को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि एलन मस्क जर्मनी से टेस्ला कारों को भारत लाकर बेचना चाहते हैं। मस्क भारत में 3 से 5 अरब डॉलर का इन्वेस्टमेंट भी करना चाहते हैं।
टेस्ला कारों की मैनुफैक्चरिंग के लिए मस्क भारत में मैनुफैक्चरिंग प्लांट भी खोलने की तैयारी कर रहे हैं। यहां टेस्ला की कारें बनाई जाएंगी। हालांकि, शुरुआत में कंपनी मैनुफैक्चरिंग तो नहीं करेगी लेकिन भारत से ऑटो पार्ट्स खरीदेगी। बताया जा रहा है कि इस साल कंपनी 100 करोड़ डॉलर से ज्यादा के ऑटो पार्ट्स भारत से खरीदेगी।
अब कैसे बन गई बात?
एलन मस्क पिछले साल अप्रैल में भारत आने वाले थे। यहां आकर वो प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करने वाले थे। हालांकि, मस्क ने ये दौरा ऐन वक्त पर टाल दिया था। मस्क भारत ने आकर चीन चले गए थे। मस्क भारत के टैरिफ से परेशान थे।
हालांकि, अब मस्क की भारत में एंट्री की उम्मीद अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद जाग गई है। ट्रंप ने रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की बात कही है। यानी, जिस देश में जितना टैरिफ होगा, उतना ही टैरिफ अमेरिका भी लगाएगा। इससे मस्क को भारत में टैरिफ में छूट मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, हाल ही में बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कस्टम ड्यूटी घटाने का ऐलान किया था। सरकार ने 40 हजार डॉलर से ज्यादा महंगी कारों पर कस्टम ड्यूटी 110% से घटाकर 70% कर दी है। टेस्ला को भारत आने से यही रोक रहा था।
यह भी पढ़ें-- क्या वाकई हथकड़ी-बेड़ियां लगाकर डिपोर्ट करना अमेरिका की नीति है? समझिए
पर भारत क्यों?
एलन मस्क का भारत आना एक मजबूरी भी बन गया है। वो इसलिए क्योंकि टेस्ला की सेल्स लगातार गिर रही है। टेस्ला की गाड़िया ऑटो पायलट वाली होती हैं।
अब तक टेस्ला के लिए चीन दूसरा सबसे बड़ा बाजार हुआ करता था। मगर अब चीन में भी उसे बाकी कंपनियों से टक्कर मिलने लगी हैं। चीन की कई ऑटो कंपनियां सेल्फ ड्राइविंग फंक्शन वाली गाड़ियां ला रही हैं। दुनियाभर में टेस्ला की बिक्री में गिरावट आई है। अमेरिका में जनवरी में टेस्ला की बिक्री 16% घट गई है। जर्मनी में भी जनवरी में टेस्ला गाड़ियों की बिक्री में 59 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
जब दुनियाभर में टेस्ला की बिक्री में गिरावट आ रही है तो एलन मस्क के लिए भारत आना मजबूरी भी बन जाता है। भारत आने से मस्क को तीन बड़े फायदे होंगे। पहला- टेस्ला के लिए भारत एकदम नया मार्केट होगा। दूसरा- आने वाले कई सालों तक भारत में टेस्ला को चुनौती मिलना भी मुश्किल है। और तीसरा- भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटो मार्केट है और यहां इलेक्ट्रिक व्हीकल को भी खूब पसंद किया जा रहा है।
कब तक भारत में हो जाएगी मस्क की एंट्री?
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एलन मस्क की टेस्ला की भारत में एंट्री लगभग तय है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और मुंबई में टेस्ला का शोरूम होगा। दोनों शोरूम 5 हजार वर्ग फीट में फैले हैं। अप्रैल से यहां से टेस्ला की गाड़ियां बिकनी शुरू हो जाएंगी। CNBC-TV18 की रिपोर्ट की मानें तो भारत में टेस्ला की कार की कीमत 25 हजार डॉलर (करीब 21 लाख रुपये) से शुरू हो सकती है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap