आम आदमी पार्टी (AAP) को कांग्रेस के इंडिया गठबंधन में होने से ऐतराज है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी, इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को से अपील करेगी कि वे अब मिलकर कांग्रेस को इस गठबंधन से बाहर निकाल दें। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा है कि अगर कांग्रेस अजय माकन को बाहर नहीं निकालती है तो हम इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों से मिलकर कांग्रेस को इस गठबंधन से बाहर निकलवाएंगे।
सीएम आतिशी ने कहा है कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्क्रिप्ट पढ़ रही है। बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेसी विधायकों को आम आदमी पार्टी से फंडिंग मिल रही है। आम आदमी पार्टी सबसे ज्यादा नाराज अजय माकन के बयानों से हुई है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह और सीएम आतिशी, दोनों ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया है कि 24 घंटे के अंदर अजय माकन को कांग्रेस अपनी पार्टी से बाहर निकाल दे।
सीएम आतिशी ने कहा, 'मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस ने FIR दर्ज कराई है। कभी बीजेपी के खिलाफ नहीं कराई। कांग्रेस के प्रत्याशियों का खर्चा बीजेपी उठा रही है। बीजेपी चुनावी फंडिग दे रही है, जिससे आम आदमी पार्टी का वोट कटे। जंगपुरा से कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी को बीजेपी पैसे देकर चुनाव लड़ा रही है। बीजेपी ने उन्हें करोड़ों में फंड दिया है।'
किस शर्त पर कांग्रेस को माफ करेगी AAP
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा है कि जब तक कांग्रेस अजय माकन को उनके सभी पदों से हटा नहीं देते, हम अपने रुख में बदलाव नहीं करेंगे। सीएम आतिशी ने कांग्रेस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि हम कांग्रेस से मांग करते हैं कि अजय माकन के खिलाफ 24 घंटे में कारवाई हो, नहीं तो INDIA गठबंधन के घटक दलों से हम कांग्रेस को अलग करने की बात करेंगे।'
अजय माकन ने कहा क्या था?
अजय माकन ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल एंटी नेशनल हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करना कांग्रेस की एक भूल थी, जिसे सुधारना जरूरी है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को फर्जीवाल भी बता दिया है। अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल जैसे व्यक्ति की कोई विचारधारा और सोच नहीं है। केजरीवाल समान नागरिक संहिता और अनुच्छेद 370 और सीएए को लेकर बीजेपी के साथ हैं।
किस बात पर बरपा है हंगामा?
कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ 26 दिसंबर को ही एक 'चार्जशीट' तैयार की थी, जिसे 'मौका-मौका हर बार धोखा' का नाम दिया गया था। कांग्रेस नेता अजय माकन ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।
कांग्रेस ने कहा था कि जब दिल्ली में कोरोना संक्रमण की वजह से लोगों की जान जा रही थी, तब अरविंद केजरीवाल शीशमहल बनवा रहे थे। कांग्रेस का आरोप था कि दिल्ली सरकार लोगों का राशन कार्ड नहीं बनवा रही है, दिल्ली के लोग परेशानियों से जूझ रहे हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार झुग्गियों पर बुलडोजर चला रही है। अब आम आदमी पार्टी कांग्रेस के इन्हीं हमलों की वजह से इंडिया गठबंधन के साथियों पर दबाव दे रही है कि कांग्रेस को इंडिया ब्लॉक से हटा दिया जाए।
कांग्रेस के आरोपों ने AAP को किया है 'खफा'
- जुगलबंदी ने अपराध का माहौल बनाया है।
- सिर्फ काम की राजनीति करते हैं तो काम क्यों नहीं करते हैं।
- आम आदमी कैसे शीशमहल का राजा बन गया।
- जुगलजोड़ी ने दिल्ली को शर्मिंदा किया है। (AAP और BJP सरकार)
- दिल्ली को नफरत का बाजार बनाया गया।
- दलितों के जीवन को नरक कैसे बनाया गया।
- दिल्ली के निर्माताओं का हक मारा गया।