दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने दिल्ली की महिलाओं के लिए 'प्यारी दीदी योजना' लॉन्च किया है। कांग्रेस का कहना है कि अगर दिल्ली में उनकी सरकार बनती है तो प्यारी दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे। आम आदमी पार्टी (AAP) ने महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये प्रति माह देने का चुनावी वादा किया है।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने योजना लॉन्च की है। उन्होंने कहा, 'मैं यहां प्यारी दीदी योजना लॉन्च करने के लिए आया हूं। मुझे भरोसा है कि कांग्रेस दिल्ली में सरकार बनाएगी और हम महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देंगे। यह कैबिनेट की पहली बैठक में ही तय हो जाएगा। जैसे हमने कर्नाटक में इसे लागू किया है, वैसे ही दिल्ली में इसे लागू करेंगे।'
कांग्रेस नेता काजी निजामुद्दीन ने कहा, 'आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहली गारंटी लॉन्च कर रही है। समाज कल्याण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस हमेशा तत्पर रही है। कर्नाटक में भी सरकार बनते ही कांग्रेस ने समाज कल्याण की अपनी योजना पहली कैबिनेट में तय कर लागू की थी। इसलिए महिला सशक्तिकरण के लिए दिल्ली में कांग्रेस जरूरी है।'
AAP का महिलाओं के लिए वादा क्या है?
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की महिलाओं के लिए महिला सम्मान योजना की शुरुआत की है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि चुनाव से पहले 1000 रुपये दिल्ली की महिलाओं को मिलेंगे, जैसे ही चुनाव जीते, उन्हें 2100 रुपये हर महीने मिलेंगे। कांग्रेस ने 300 रुपये और ज्यादा देने का वादा कर दिया। आम आदमी पार्टी सरकार दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा का ऐलान बहुत पहले कर चुकी है। कांग्रेस भी अब इसी राह पर चली है।
BJP महिलाओं के लिए क्या चुनावी वादे कर चुकी है?
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने 78 लाख महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया था। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में 'लाड़ली बहना योजना' बीजेपी पहले ही चला रही है। दिल्ली के लिए अभी तक बीजेपी ने कोई ऐसी घोषणा नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि बीजेपी अपने मेनिफेस्टो में ऐसा ऐलान कर सकती है।
दिल्ली में कितनी मजबूत हैं महिला वोटर?
दिल्ली में 1 करोड़ 55 लाख से ज्यादा वोटर हैं। महिलाओं की संख्या 83 लाख पुरुष मतदाता हैं, वहीं 71 लाख महिला मतदाता हैं। कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी तीनों दलों की ओर से महिलाओं को लुभाने वाले वादे किए जा रहे हैं।