दिल्ली की उत्तम नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के पास करोड़ों की संपत्ति है। दिलचस्प बात ये है कि वो उम्मीदवार जिस पार्टी से चुनाव लड़ रहा है, उसका नाम 'गरीब आदमी पार्टी' है। उम्मीदवार के पास करोड़ों की चल और अचल संपत्ति है।
कौन है ये उम्मीदवार?
उम्मीदवार का नाम श्याम भारतीय है। इनकी उम्र 55 साल है और ये दिल्ली के उत्तम नगर के ही रहने वाले हैं। वो जिस गरीब आदमी पार्टी से उम्मीदवार हैं, उसका रजिस्ट्रेशन 18 मार्च 2014 को हुआ था। हालांकि, इस पार्टी को अभी तक मान्यता नहीं मिली है। श्याम भारतीय ही इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
गरीब आदमी पार्टी का करोड़पति उम्मीदवार
चुनाव आयोग के पास दाखिल हलफनामे में श्याम भारतीय ने अपने पास करोड़ों की संपत्ति होने की बात बताई है। श्याम भारतीय के पास 20 हजार और उनकी पत्नी गायत्री देवी के पास 19 हजार कैश है।
श्याम भारतीय के बैंक अकाउंट में 1,38,607 रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के बैंक अकाउंट में 3,95,000 रुपये हैं। इसके साथ ही 5-5 लाख की दो एफडी भी हैं। दोनों के पास 44 लाख रुपये की कीमत का सोना है। कुल मिलाकर श्याम भारतीय के पास 13,58,607 रुपये और उनकी पत्नी के पास 46,14,000 रुपये की चल संपत्ति है।
3.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति
12वीं पास श्याम भारतीय के पास 3.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पास उत्तम नगर और रोहिणी में दो मकान हैं। उत्तम नगर के मकान को उन्होंने 1993 में खरीदा था, जबकि रोहिणी वाला मकान 2009 में खरीदा था। उत्तम नगर वाले मकान के मार्केट वैल्यू आज के समय में 3 करोड़ रुपये है। जबकि, रोहिणी वाले घर की कीमत 50 लाख रुपये है। उत्तम नगर वाला मकान श्याम भारतीय तो रोहिणी वाला मकान उनकी पत्नी के नाम पर है।
लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं श्याम
श्याम भारतीय कुल मिलाकर 4.09 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। उन्होंने चांदनी चौक से चुनाव लड़ा था। उन्हें सिर्फ 463 वोट मिले थे।