logo

ट्रेंडिंग:

दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान, 5 फरवरी को वोटिंग, 8 को नतीजे

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीट के लिए 5 फरवरी वोट डाले जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।

delhi election date

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार। (Photo Credit: ANI)

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। जबकि, नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

दिल्ली का पूरा चुनावी शेड्यूल

दिल्ली विधानसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 10 जनवरी को जारी होगा। उम्मीदवार 17 जनवरी तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 18 जनवरी को नामांकन की स्क्रूटनी होगी, जबकि 20 जनवरी को नामांकन वापसी की आखिरी तारीख होगी। 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे।

 

दिल्ली की चुनावी प्रोफाइल

दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 


इस चुनाव में कुल 1.55 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष और 71.74 लाख महिलाएं हैं। 20 से 29 साल की उम्र के युवा वोटरों की संख्या 25.89 लाख है। वहीं, 18-19 साल की उम्र के 2.08 लाख वोटर्स हैं। 1.09 लाख वोटर्स ऐसे हैं, जिनकी उम्र 85 साल से ज्यादा है। 1,261 ट्रांसजेंडर वोटर्स हैं। 


इस चुनाव में दिल्ली में कुल 2,697 जगहों पर 13,033 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इस हिसाब से हर पोलिंग बूथ पर औसतन 1,191 वोटर्स होंगे।

 

बतौर मुख्य चुनाव आयुक्त आखिरी पीसी

बतौर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की ये आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। अपनी आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस ने राजीव कुमार ने वोटर लिस्ट से नाम कटने, ईवीएम हैकिंग और वोटर टर्नआउट को लेकर लग रहे आरोपों पर जवाब भी दिए। ईवीएम हैकिंग के आरोपों पर राजीव कुमार ने कहा कि ईवीएम फुलप्रूफ डिवाइस है। इसमें वायरस नहीं आ सकता। उन्होंने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता है।

 

दिल्ली में सीएम आतिशी के सामने रमेश बिधूड़ी

दिल्ली की कालकाजी सीट से बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से सीएम आतिशी चुनाव लड़ेंगी। 2020 के चुनाव में आतिशी पहली बार यहीं से जीती थीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने शनिवार को 29 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी ने प्रवेश वर्मा को उतारा है।

दिल्ली में कितने वोटर्स?

दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में 7.26 लाख और 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 3.10 लाख वोटर्स बढ़ गए हैं। 2020 के चुनाव के वक्त दिल्ली में 1.47 करोड़ वोटर्स थे। जबकि, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के समय दिल्ली में वोटर्स की संख्या 1.52 करोड़ से ज्यादा थी। 2025 के चुनाव में कुल 1.55 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष और 71.73 लाख महिलाएं हैं।

दिल्ली के पिछले 3 चुनाव के नतीजे

- 2013: आम आदमी पार्टी का पहला विधानसभा चुनाव था। 28 सीटें जीतकर पार्टी ने 29.49 फीसदी वोट हासिल किए थे। बीजेपी ने 31 और कांग्रेस ने 8 सीटें जीती थीं।

 

- 2015: इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीती थीं। पार्टी को 54.34 फीसदी वोट मिले थे। बीजेपी सिर्फ 3 सीटें जीत सकी थी। जबकि, कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था।


- 2020: आम आदमी पार्टी ने 62 सीटें जीतकर फिर सरकार बनाई। उसे 53.57 फीसदी वोट मिले थे। बीजेपी ने 8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस इस बार भी एक सीट भी नहीं जीत सकी थी।

इन दो सीटों पर उपचुनाव

दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ ही चुनाव आयोग ने दो विधानसभा सीटों पर उपचुनावों की तारीखों का ऐलान भी किया। उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर और तमिलनाडु की इरोडे सीट पर 5 फरवरी को उपचुनाव होगा। इनके नतीजे 8 फरवरी को ही सामने आएंगे।

पिछली बार 6 जनवरी को हुआ था ऐलान

दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 6 जनवरी को हुआ था। दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए 14 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी हुआ था। पिछली बार 8 फरवरी को वोटिंग हुई थी, जबकि 11 फरवरी को नतीजे आए थे। 16 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap