logo

ट्रेंडिंग:

हरियाणा ने यमुना में 'जहर' मिलाया? दिल्ली जल बोर्ड ने क्या कहा

आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। इस पर अब दिल्ली जल बोर्ड का बयान सामने आया है।

arvind kejriwal

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल। (File Photo Credit: PTI)

दिल्ली में विधानसभा चुनाव में यमुना एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन गई है। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर यमुना में 'जहर' मिलाने का आरोप लगाया है। इस पर अब दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ शिल्पा शिंदे का बयान आया है। शिल्पा शिंदे ने AAP के इस दावे का खंडन किया है। दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र को लिखी चिट्ठी में शिल्पा शिंदे ने इन आरोपों को 'तथ्यात्मक रूप से गलत, आधारहीन और भ्रामक' बताया है।

क्या है पूरा मामला?

सोमवार को दिल्ली के पूर्व सीएम और AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था, 'हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिला दिया है। इसे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से भी साफ नहीं किया जा सकता। जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया। इससे दिल्ली केएक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई।'

 


इसके बाद दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने चुनाव आयोग में शिकायत की थी और बीजेपी पर 'जल आतंकवाद' फैलाने का आरोप लगाया था। चुनाव आयोग के सामने दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया था, 'पिछले 4 दिन से यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ी हुई है। इससे दिल्ली की लगभग 10-15 फीसदी आबादी के लिए पानी की सप्लाई पर असर पड़ेगा।'

 

दिल्ली जल बोर्ड ने क्या कहा?

मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ शिल्पा शिंदे ने कहा, 'सर्दियों में प्रवाह कम होने और इंडस्ट्रियल वेस्ट के मिलने से अमोनिया का स्तर बढ़ जाता है।' उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड नियमित रूप से पानी की क्वालिटी की मॉनिटरिंग करता है और पानी की सप्लाई को नियंत्रित करता है।


उन्होंने कहा, 'वजीराबाद तालाब में यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा 6.5 ppm है। इस कारण पानी का उत्पादन 15-20 फीसदी कम हो रहा है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में अमोनिया का स्तर कम हो जाएगा।'

 

'लोगों में डर फैलता है'

उन्होंने इस चिट्ठी में लिखा, 'यमुना में जहर मिलाने का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत, निराधार और भ्रामक है। इस तरह के झूठे बयानों से दिल्ली के लोगों में डर फैलता है। साथ ही हरियाणा के साथ संबंधों पर भी गलत असर पड़ता है।'

 


मुख्य सचिव ने दिल्ली जल बोर्ड की इस चिट्ठी को उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पास फॉरवर्ड कर दिया है। इस बीच हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने भी केजरीवाल के दावों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी नाकामी का दोष दूसरों पर मढ़ देती है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap