क्या कहता है एक्जिट पोल, महाराष्ट्र और झारखंड में किसकी बनेगी सरकार
एक्जिट पोल्स के नतीजों के मुताबिक झारखंड और महाराष्ट्र में जानिए किसकी सरकार बनेगी।

झारखंड में वोट देते लोग । पीटीआई
क्या कहता है एक्जिट पोल, महाराष्ट्र और झारखंड में किसकी बनेगी सरकार
बुधवार को महाराष्ट्र की 288 सीटों और झारखंड के दूसरे चरण के लिए चुनाव संपन्न हो गए। इसी के साथ अलग अलग राज्यों में विधानसभा की 15 सीटों पर भी उपचुनाव संपन्न कराए गए। अगर उपचुनावों की बात करें तो सभी की निगाहें यूपी की 9 सीटों पर टिकी हुई थीं।
कितने फीसदी हुआ मतदान
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ था और शाम के 6 बजे तक चला। इस दौरान महाराष्ट्र में कुल 58.22 फीसदी मतदान रहा, जबकि झारखंड में 67.59 वोटिंग हुई।
महाराष्ट्र के लिए क्या कहता है एक्जिट पोल
महाराष्ट्र में महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच लड़ाई है। खबरगांव ने करीब 8 एक्जिट पोल के आंकड़ों को मिलाकर देखा. ज्यादातर एक्जिट पोल महायुति को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचा रहे हैं।
मैट्राइज़ एक्जिट पोल ने महायुति को 150 से 170 सीटें तो महा विकास अघाड़ी को 110 से 130 सीटें दी हैं। वहीं न्यूज24 चाणक्य के मुताबिक महायुति को 152-160 सीटें तो महा विकास अघाड़ी को 130-138 सीटें दी हैं।
न्यूज24- चाणक्य के हिसाब से बीजेपी को 90, शिवसेना को 48 और एनसीपी को 22 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं। जबकि एमवीए घटकों की बात करें तो कांग्रेस को 63, शिवसेना (यूबीटी) को 35 और एनसीपी (एसपी) को 40 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं।
P-MARQ के मुताबिक महायुति को 137 से 157 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं तो महा विकास अघाड़ी को 126 से 146 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं।
वहीं इलेक्टोरल एज के मुताबिक महाराष्ट्र में महायुति को 118 प्लस और महा विकास अघाड़ी को 150 प्लस सीटें मिल रही हैं।
एआई एक्जिट पोल महायुति को 129-159 और महा विकास अघाड़ी को 124-154 सीटें देता हुआ दिख रहा है।
झारखंड में किसकी बन रही सरकार
झारखंड की बात करें तो मुकाबला 50-50 फीसदी का है। मैट्राइज़, चाणक्य स्ट्रेटजी, टाइम्स नाउ जेवीसी और पीपल्स पल्स जैसे एक्जिट पोल्स बीजेपी को बहुमत दिला रहे हैं तो वहीं एक्सिस माय इंडिया, पी मार्क, दैनिक भास्कर और पोल ऑफ पोल्स जेएमएम को जिताते हुए दिख रहे हैं।
मैट्राइज एनडीए को 42 से 47 तो जेएमएम को 25 से 30 सीटें, चाणक्य स्ट्रेटजी बीजेपीको 45 से 50 तो जेएमएम को 35 से 38 सीटें, एक्सिस माय इंडिया बीजेपी को 17 से 27 तो जेएमएम को 49 से 59 सीटें,पी मार्क बीजेपी को 31 से 40 तो जेएमएम को 37 से 47 सीटें दे रही है।
इसके अलावा टाइम्स नाउ जेवीसी एनडीएस को 42 और जेएमएम को 38 सीटें, दैनिक भास्कर एनडीए को 37 से 40 तो जेएमएम को 36 से 39 सीटें, पीपल्स पल्स एनडीए को 44 से 53 तो जेएमएम 25 से 37 सीटें दे रहा है।
यूपी बाई पोल्स की क्या है स्थिति
यूपी उपचुनावों की बात करें तो वहां एक्ज़िट पोल्स बीजेपी को ज्यादा सीटें देते हुए दिख रहे हैं। उत्तर प्रदेश उपचुनाव में अब तक सामने आए एग्जिट पोल में JVC ने भाजपा की बढ़त दिखाई। वहीं AI एग्जिट पोल में भाजपा को 9 में 4-6 सीटों पर जीत और सपा को 3-5 सीटों पर जीत मिलने की आशंका जताई है।
महाराष्ट्र में क्या थे मुद्दे
महाराष्ट्र की बात करें तो इस बार चुनाव में किसानों का मुद्दा काफी प्रमुख रहा। यही कारण है कि पीएम मोदी और राहुल गांधी दोनों अपनी चुनावी रैलियों में किसानों की बात करते हुए नज़र आए। मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में सोयाबीन की बिक्री के मुद्दे पर वोटिंग होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में विधानसभा की 100 सीटें आती हैं, जो कि काफी बड़ी संख्या है।
इसके अलावा महिला का मुद्दा भी महत्त्वपूर्ण रहा। दोनों गठबंधनों ने महिलाओं को अपनी तरफ खींचने की पूरी कोशिश की। महिलाओं को अपने पाले में करने के लिए महायुति ने लाडकी बहिण योजना की रकम को 1500 से बढ़ाकर 2100 करने की घोषणा की। हालांकि, कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं रही. वोटर्स को लुभाने के लिए उसने महालक्ष्मी योजना के अन्तर्गत 3000 रुपये देने की घोषणा की।
साथ ही बेरोज़गारी भी महाराष्ट्र चुनाव में एक बड़ा मुद्दा रहा। बेरोज़गारों के लिए महायुति और एमवीए ने अपने-अपने मैनिफेस्टो में तमाम घोषणाएं की। इसीलिए महायुति ने रोजगार और विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सहायता के रूप में हर महीने 25 लाख नौकरियां उत्पन्न करने के साथ ही 10 लाख छात्रों को हर महीने 10 हजार रुपये ट्यूशन फी देने का वादा किया है।
झारखंड में क्या थे मुद्दे
वहीं झारखंड की बात करें तो हिंदुत्व, बांग्लादेशी अवैध प्रवासी और आदिवासियों का मुद्दा काफी प्रमुख रहा। बीजेपी ने बांग्लादेशी अवैध प्रवासियों का मुद्दा काफी प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा करप्शन, लॉ एंड ऑर्डर और ट्रैफिकिंग का भी मुद्दा रहा।
इस आधार पर देखा जाए तो एक्जिट पोल्स के मुताबिक महाराष्ट्र में महायुति का पलड़ा भारी लग रहा है जबकि झारखंड में कांटे की टक्कर दिख रही है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap