बिहार की जमालपुर विधानसभा सीट मुंगेर जिले में आती है। विधानसभा सीट का गठन धरहरा और जमालपुर प्रखंड को मिलाकर किया गया है। बिहार के पूर्व मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा का यहां सियासी दबदबा रहा है। बाद में जेडीयू नेता शैलेंद्र कुमार ने लगातार चार चुनाव जीतकर अपनी सियासी धमक दिखाई। जमालपुर में लोकोमोटिव वर्कशॉप है। बावजूद इसके विधानसभा क्षेत्र में रोजगार बड़ा मुद्दा है। मुंगेर शहर से जमालपुर करीब 9 किमी दूर है। यहां का काली पहाड़ एक अहम तीर्थस्थल है। स्थानीय स्तर पर हिंदी और अंगिका भाषा बोली जाती है।
मौजूदा समीकरण
2011 की जनगणना के मुताबिक जमालपुर की कुल जनसंख्या 4,54,465 है। करीब 76.8 फीसद आबादी ग्रामीण और 23.2 फीसद शहरी क्षेत्र में रहती है। 2020 के विधानसभा चुनाव के मुताबिक यहां कुल मतदाताओं की संख्या 3,13,759 है। मुस्लिम मतदाताओं की हिस्सेदारी 3.7 फीसद है। अगर अनुसूचित जाति की बात करें तो उनकी हिस्सेदारी 15.61 फीसद है। 2.43 फीसद मतदाता अनुसूचित जनजाति के हैं। लगभग 12.3% यादव मतदाता हैं। जमालपुर में भूमिहार, राजपूत, कुर्मी और धानुक जातियों का भी अच्छा खासा प्रभाव है।
2020 चुनाव का परिणाम
पिछले चुनाव में जमालपुर विधानसभा सीट से कुल 19 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी। जेडीयू ने शैलेश कुमार को प्रत्याशी बनाया। उनके सामने कांग्रेस ने अजय कुमार सिंह पर दांव लगाया और उसका यह दांव सटीक बैठा। जेडीयू प्रत्याशी शैलेश कुमार को कुल 52,764 वोट मिले, जबकि अजय कुमार सिंह के हिस्से में 57,196 मत आए। कांग्रेस प्रत्याशी ने 4,432 मतों के अंतर से जीत हासिल की। एलजेपी उम्मीदवार दुर्गेश कुमार सिंह को 14,643 वोट मिले।
मौजूदा विधायक का परिचय
पिछले चुनाव में अजय कुमार सिंह ने जेडीयू नेता और बिहार के पूर्व मंत्री शैलेश कुमार को शिकस्त दी थी। विधायक बनने से पहले अजय कुमार सिंह कांग्रेस जिलाध्यक्ष थे। 2020 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक विधायक अजय कुमार के पास 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। 2 लाख रुपये का कर्ज भी है। उनके खिलाफ थाना हवेली खड़गपुर में एक आपराधिक मामला भी दर्ज है। अगर पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो अजय कुमार सिंह ने भागलपुर विश्नविद्यालय से 1981 में एमएससी और 1987 में पीएचडी की। उन्होंने खेती-किसानी को अपना पेशा बता रखा है।
विधानसभा सीट का इतिहास
जमालपुर विधानसभा सीट का गठन साल 1952 में हुआ। अब तक यहां कुल 17 बार चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस चार बार चुनाव जीती है। जनता पार्टी और जनता दल को दो-दो बार जीत मिली है। संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, सीपीआई, बीजेएस, लोकदल और आरजेडी एक-एक बार जीत चुकी है। उपेंद्र प्रसाद वर्मा जमालपुर से पांच बार और शैलेश कुमार चार बार विधायक रहे हैं। योगेंद्र महतो भी तीन बार लगातार चुनाव जीते थे।
जमालपुर विधानसभा: कब-कौन जीता
वर्ष |
विजेता |
दल |
1952 |
योगेंद्र महतो |
कांग्रेस |
1957 |
योगेंद्र महतो |
कांग्रेस |
1962 |
योगेंद्र महतो |
कांग्रेस |
1967 |
बीपी यादव |
संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी |
1969 |
राम बालक सिंह |
सीपीआई |
1972 |
सुरेश कुमार सिंह |
बीजेएस |
1977 |
सुरेश कुमार सिंह |
जनता पार्टी |
1980 |
उपेंद्र प्रसाद वर्मा |
जनता पार्टी (SC) |
1985 |
उपेंद्र प्रसाद वर्मा |
लोकदल |
1990 |
उपेंद्र प्रसाद वर्मा |
जनता दल |
1995 |
उपेंद्र प्रसाद वर्मा |
जनता दल |
2000 |
उपेंद्र प्रसाद वर्मा |
आरजेडी |
2005 (फरवरी) |
शैलेश कुमार |
जेडीयू |
2005 (नवंबर) |
शैलेश कुमार |
जेडीयू |
2010 |
शैलेश कुमार |
जेडीयू |
2015 |
शैलेश कुमार |
जेडीयू |
2020 |
अजय कुमार सिंह |
कांग्रेस |