• PATNA 03 Aug 2025, (अपडेटेड 03 Aug 2025, 3:16 PM IST)
कल्याणपुर के विधायक मनोज कुमार यादव हैं। इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल का दबदबा रहा है। क्या हैं सियासी समीकरण, पढ़ें।
कल्याणपुर विधानसभा सीट। (Photo Credit: Khabargaon)
कल्याणपुर, पूर्वी चंपारण जिले की एक विधानसभा है। विधानसभा की सीट संख्या 16 है। विधानसभा के कुछ हिस्से कस्बाई इलाके में पड़ते हैं, ज्यादातर इलाका ग्रामीण है। यहां से करीब 26 किलोमीटर उत्तर में मोतिहारी है। वहीं अरेराज भी करीब 25 किलोमीटर दूर है। मोतीपुर, बरौली, चकिया और केसरिया जैसे इलाके भी आसपास ही हैं। यह विधानसभा मिश्रित आबादी वाली विधानसभा है। यहां मुस्लिम और यादव वोटर निर्णायक स्थिति में हैं। राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार यादव इस विधानसभा सीट से विधायक हैं।
कल्याणपुर विधानसभा में खराब सड़कों का मुद्दा छाया हुआ है। अस्पताल और स्कूल की इलाके में कमी है। पलायन और बेरोजगारी भी अहम मुद्दा है। साल 2008 में हुए परिसीमन के इस विधानसभा में कोटवा, कल्याणपुर, परसौनी वाजिद, बखरी, कल्याणपुर, बरहरवा महानंद, सिसवा शोभ, बृंदाबन, पकरी दीक्षित, सिसवा खरार, पटना, गरीबा, शंभू चक, सीतलपुर, कोइला बेलवा, भुवन छपरा, बांसघाट, उत्तरी गवंद्रा, दक्षिण गवंद्रा और मणि छपरा ग्राम जैसी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। यह विधानसभा साल 2008 में अस्तित्व में आई, पहली बार 2010 में चुनाव हुए।
कल्याणपुर विधानसभा मिश्रित आबादी वाली विधानसभा है लेकिन मुस्लिम और यादव वोटर निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यादव वोटरों की संख्या 20-25% है, वहीं मुस्लिम मतदाता 15-20% प्रतिशत के बीच में हैं। सवर्ण वोटर भी 10 से 15 प्रतिशत के बीच में हैं। कुर्मी, कोइरी और निषाद, तेली जैसे समुदाय भी अहम भूमिका निभाते हैं।
मनोज कुमार यादव, राष्ट्रीय जनता दल। (Photo Credit: ManojKumarYadav/X)
विधायक का परिचय
राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी साल 2020 में पहली बार यहां से विधायक चुने गए। वह पूर्वी चंपारण के जसौली गांव के रहने वाले हैं। वह बीडी इवनिंग कॉलेज पटना से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 2 करोड़ रुपये के आसपास बताई है। उन पर 16 लाख रुपये का कर्ज है। उनके खिलाफ 2 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। अप्रैल 2025 में ही उन पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
मनोज कुमार यादव ने कुल 72,819 वोट हासिल किया था। उन्हें कुल 46 प्रतिशत वोट पड़े थे। सचिंद्र प्रसाद सिंह ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, वह 71,626 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। तीसरे नंबर पर बसपा के मोहम्मद बदीउज्जमां थे जिन्हें कुल 6,367 वोट पड़े।
2025 में क्या समीकरण बन रहे हैं?
मनोज कुमार यादव, राष्ट्रीय जनता दल के चर्चित चेहरा हैं। वह जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। इंडिया ब्लॉक की तरफ से वही तय माने जा रहे हैं। जेडीयू से रजिया खातून भी टिकट की रेस में हैं। दूसरी तरफ साल 2015 में बीजेपी के नेता सचिंद्र प्रसाद सिंह भी टिकट की रेस में हैं। अब यह देखना होगा कि एनडीए सचिंद्र सिंह या रजिया खातून, किसे उतारता है।
यह सीट साल 2008 में अस्तित्व में आई है। साल 2010 में पहली बार चुनाव हुए। साल 2010 में रजिया खातून चुनी गई थीं। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी के टिकट पर सचिंद्र प्रसाद सिंह जीते। 2020 के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज कुमार यादव चुने गए।