दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 अपने पूरे उफान पर है। शह और मात के इस सियासी रण में राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे को पटखनी देने की हरसंभर कोशिश कर रही हैं। इसके लिए राजनीतिक दल एक दूसरे के ऊपर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस बीच दिल्ली के चुनाव में देश की दो सबसे बड़ी पार्टियों के सबसे बड़े नेताओं की एंट्री हो गई है।
बीजेपी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की तरफ से विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने-अपने दलों की कमान संभाल ली है। पीएम मोदी ने 5 जनवरी 2025 को दिल्ली के रोहिणी के जापानी पार्क में एक बड़ी रैली (परिवर्तन रैली) को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस पर जमकर हमला किया।
दोनों बड़े नेताओं की दिल्ली में पहली रैली
यह पीएम की दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर पहली रैली थी। वहीं, कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव में पदार्पण करते हुए सीलमपुर में अपनी पहली रैली को संबोधित किया। देखा जाए तो दोनों धुर-विरोधी नेताओं ने एक दूसरे की पार्टियों को कोसते हुए आम आदमी पार्टी और उसके सर्वोच्च नेता केजरीवाल पर सियासी हमले किए।
ऐसे में आइए जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी-अपनी रैलियों में क्या अहम बातें बोली हैं। सबसे पहले हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो पांच बातें जानते हैं, जो उन्होंने रोहिणी की रैली में बोली थी...
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा आम आदमी पार्टी की सरकार को 'आप-दा' कहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार किसी आपदा से कम नहीं है। दिल्ली को आपदा से बचाना है।
- पूर्वोत्तर, ओडिशा में कमल खिला, हरियाणा में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से चुना, महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे बड़ा जनादेश मिला, देश में भी तीसरी बार सरकार बनी, दिल्ली ने सभी सांसदों को जिताया। अब दिल्ली विधानसभा में भी कमल खिलने वाला है।
- बीजेपी ही दिल्ली को दुनिया की बेहतरीन राजधानी का गौरव दिला सकती है। दिल्ली में बेहतरीन उम्मीदवार उतारे गए हैं। दिल्ली का दिल जीतने का सबसे स्वर्णिम अवसर है। जुड़ जाइए, खूब में मेहनत करिए। दिल्ली को बेहतरीन बनाना हमारा संकल्प है।
- दिल्ली को शहरी विकास का मॉडल बनाना है। यह तभी संभव है, जब केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार काम करें। जिस आपदा सरकार के पास कोई विजन नहीं, वह विकास नहीं कर सकती। दिल्ली को आधुनिक बनाने का काम भाजपा सरकार ही कर रही है।
- जाम से मुक्ति के लिए 55 हजार करोड़ का प्रोजक्ट, डीडीए के माध्यम से गरीब का घर बनाने का काम भी, पीएम आवास से गरीबों का घर बनाने का पैसा केंद्र सरकार देती है। दिल्ली के जिस जिस इलाके में झुग्गी झोपड़ी है, वहां स्वाभिमान अपार्टमेंट की फोटो, वीडियो लेकर जाइए, बताइए यह मोदी की गारंटी है। सबको पक्का मकान मिलेगा।
विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी की दिल्ली की रैली में पांच बड़ी बातें...
- राहुल गांधी ने सीलमपुर की रैली में अरविंद केजरीवाल की नीतियों पर हमला किया। केजरीवाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह झूठे वादे करने वाला बताया और गौतम अडानी पर चुप्पी साधने वाला कहा। राहुल ने दिल्ली की खराब हवा के लिए भी केजरीवाल पर सवाल खड़े किए।
- राहुल गांधी ने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करके सत्ता में आए अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर पाए। कांग्रेस सांसद राहुल ने अपने संबोधन के दौरान शराब घोटाला, शीशमहल जैसे मुद्दों ज्यादा कुछ नहीं कहा। राहुल ने सीधे तौर पर केजरीवाल को भ्रष्टाचारी या भ्रष्टाचार का आरोपी कहने से बचने की कोशिश की।
- राहुल गांधी की रैली का नाम 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' था। राहुल ने रैली के लिए मुस्लिम बहुल सीलमपुर को चुना और संबोधन में दलितों को आबादी के हिसाब से आरक्षण का वादा, मुस्लिमों को रिझाने की कोशिश की।
- राहुल गांधी ने संविधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भीमराव आंबेडकर के संविधान पर नरेंद्र मोदी, बीजेपी-आरएसएस के लोग रोजाना हमला करते हैं। मेरी और कांग्रेस पार्टी की राजनीति स्पष्ट है। हमारे लिए देश का हर व्यक्ति समान है। इस देश में मोहब्बत ही हिंसा और नफरत को हराएगी। साथ ही कहा कि मोदी और केजरीवाल दोनों नहीं चाहते कि दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को उनका हक मिले।
- राहुल गांधी ने रैली में देश में अमीरी-गरीबी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने रैली में कहा कि देश में अमीर और अमीर हो रहा है। गरीब और गरीब हो रहा है। इस बयान से राहुल गाधी ने कांग्रेस को देश की बड़ी आबादी से जोड़ने की कोशिश की।