logo

ट्रेंडिंग:

'अघाड़ी की गाड़ी में पहिए ही नहीं...', MVA पर पीएम मोदी का तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के धुले जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के अंदर लगातार कलह चल रही है।

pm narendra modi slams mva

रैली को संबोधित करते पीएम मोदी, Source- PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के धुले जिले में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) को घेरते हुए तंज कसा। पीएम ने एमवीए को 'बिना पहिए और ब्रेक वाला वाहन' कहा। मोदी ने कहा कि गठबंधन के अंदर लगातार कलह चल रही है, हर कोई ड्राइवर की सीट के लिए लड़ रहा है। प्रधानमंत्री का इशारा एमवीए में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर था।  

 

पीएम मोदी ने कहा, 'महा अघाड़ी की गाड़ी में वैसे भी ना पहिए हैं, ना ब्रेक है और ड्राइवर की सीट पर बैठने के लिए भी झगड़ा हो रहा है। चारों तरफ से भांति-भांति के हॉर्न सुनाई दे रहे हैं। महाविकास अघाड़ी की गाड़ी में न तो पहिए हैं और न ही ब्रेक और ड्राइवर की सीट पर बैठने के लिए हर तरफ से लगातार लड़ाई होती रहती है। चारों तरफ से अलग-अलग आवाजें और हॉर्न बजते रहते हैं।'

पीएम ने शुरू किया बीजेपी का प्रचार अभियान

 

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राज्य में बीजेपी के प्रचार अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में अपनी पहली रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केवल बीजेपी नीत महायुति गठबंधन ही महाराष्ट्र का तेजी से विकास कर सकता है।

महाराष्ट्र का विकास करने का किया वादा

 

पीएम मोदी ने कहा, 'हम जनता को भगवान का दूसरा रूप मानते हैं लेकिन कुछ लोग जनता को लूटने के लिए राजनीति में हैं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि पिछले ढाई साल में महाराष्ट्र के विकास ने जो गति पकड़ी है, उसे रुकने नहीं दिया जाएगा।'

 

इसके अलावा पीएम मोदी ने आरक्षण विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस फैसलों से ओबीसी और आदिवासी समुदायों को निशाना बनाया गया।

पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

 

मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ खड़ा करने का खतरनाक खेल खेल रही है क्योंकि वह पार्टी कभी भी दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों की प्रगति नहीं देख सकती।।

 

प्रधानमंत्री ने महायुति सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए पुलिस बल में 25,000 महिलाओं की भर्ती करने की घोषणा की। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap