बिहार के सीतामढ़ी जिले की सुरसंड विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास बहुत पुराना है। इस सीट पर अब तक 17 चुनाव हो चुके हैं। यह सीट कभी कांग्रेस की हुआ करती थी लेकिन बाद में जनता परिवार से निकली पार्टियों का यहां दबदबा रहा है। पिछले कई चुनावों से यहां कभी आरजेडी तो कभी जेडीयू जीतती आ रही है।
ऐसा माना जाता है कि इस जगह का नाम सुरसंड इसलिए पड़ा, क्योंकि यहां कभी सुर सेन का शासन हुआ करता था। उनके निधन के बाद यह इलाका जंगल बन गया था। बाद में दो भाइयों- महेश झा और अमर झा ने मिलकर इसे फिर बसाया था।
मौजूदा समीकरण
इस सीट पर MY यानी मुस्लिम-यादव समीकरण काम करता है। मुस्लिम और यादव के अलावा कुर्मी, भूमिहार और अन्य पिछड़ी जातियों का भी यहां प्रभाव है। 2020 के चुनाव में यहां जेडीयू की जीत हुई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जेडीयू इस सीट पर आगे रही थी, इसलिए इस बार भी उसके जीतने की संभावना है।
यह भी पढ़ें-- शिवहर विधानसभा सीट: RJD के चेतन आनंद जीतेंगे या NDA की होगी वापसी?
2020 में क्या हुआ था?
पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से जेडीयू की जीत हुई थी। जेडीयू के दिलीप कुमार राय ने आरजेडी के सैयद अबू दोजाना को 8,876 वोटों से हराया था। दिलीप कुमार को 67,193 वोट मिले थे जबकि दोजाना को 58,317 वोट मिले थे।
विधायक का परिचय
दिलीप कुमार राय यहां से मौजूदा विधायक हैं। 2020 का चुनाव लड़ने से पहले तक दिलीप कुमार विधान परिषद के सदस्य हुआ करते थे।
2020 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में दिलीप कुमार राय ने अपने पास 4.80 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति होने की जानकारी दी थी। उनके खिलाफ दो क्रिमिनल केस भी दर्ज थे।
यह भी पढ़ें-- वाल्मीकि नगर विधानसभा: धीरेंद्र सिंह का जलवा कायम रहेगा या होगा बदलाव?
विधानसभा का इतिहास
इस सीट पर अब तक 17 बार चुनाव हो चुके हैं। अब तक 8 बार कांग्रेस यहां से जीत चुकी है। वहीं, जनता दल, आरजेडी और जेडीयू भी 7 बार जीत चुकी है। दो बार निर्दलीय उम्मीदवारों ने यहां से जीत हासिल की थी।
- 1952: राम चरित्र राय यादव (निर्दलीय)
- 1957: महेश्वर प्रसाद नारायण सिन्हा (कांग्रेस)
- 1962: प्रतिभा देवी (कांग्रेस)
- 1967: प्रतिभा देवी (कांग्रेस)
- 1969: राम चरित्र राय यादव (कांग्रेस)
- 1972: राम चरित्र राय यादव (कांग्रेस)
- 1977: राम चरित्र राय यादव (कांग्रेस)
- 1980: नागेंद्र प्रसाद यादव (कांग्रेस)
- 1985: रवींद्र प्रसाद साही (निर्दलीय)
- 1990: रवींद्र प्रसाद साही (कांग्रेस)
- 1995: नागेंद्र प्रसाद यादव (जनता दल)
- 2000: जैनांदन प्रसाद यादव (जेडीयू)
- 2005: जैनांदन प्रसाद यादव (आरजेडी)
- 2005: जैनांदन प्रसाद यादव (आरजेडी)
- 2010: शाहीद अली खान (जेडीयू)
- 2015: सैयद अबू दोजाना (आरजेडी)
- 2020: दिलीप कुमार राय (जेडीयू)