बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) को रोमांस का किंग कहा जाता है। उनकी फिल्मों के रिलीज होने का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखें हैं। किंग खान ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। वहीं, उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लाप भी हुई है। किंग खान अपने इंटरव्यू में फैंस से दिल खोलकर बात करते हैं। एक्टर हाल ही में दुबई के ग्लोबल फ्रेट समिट में शामिल हुए थे। इस समिट में उन्होंने अपने करियर, स्टारडम और असफलताओं पर चर्चा की। जवान एक्टर ने बताया कि जब उनकी फिल्में फ्लॉप होती है तो वो क्या करते हैं। शाहरुख ने कहा, मैं ये नहीं मानता कि अगर कुछ मेरे फेवर में नहीं हो रहा है तो यूनिवर्स मेरे खिलाफ कोई साजिश कर रहा है। अगर कोई चीज आपके पक्ष में नहीं है तो उसके अपने कुछ कारण होंगे।
असफलता में खुद को ऐसे संभालते हैं शाहरुख
जवान एक्टर ने बताया कि वो सेल्फ क्रिटक्ल हो जाते हैं। उन्होंने अपनी असफलताओं पर बात करते हुए कहा, ये बहुत ही गंदी फीलिंग है और फिर बाथरूम में जाकर खूब रोता हूं। मैं ये किसी को नहीं बताता हूं क्योंकि मुझे लगता है कि आप खुद पर कुछ देर के लिए तरस खा सकते हैं। आपको मानना होगा कि दुनिया आपके खिलाफ नहीं है। आपको ये मानना होगा कि आपने बेकार काम किया इसलिए वो फिल्म नहीं चली। आपको थोड़ी निराशा होगी। लेकिन आपको आगे बढ़ना होगा और फिर कड़ी मेहनत करनी है।
बेटी संग स्क्रीन शेयर करेंगे किंग खान
इस महीने की शुरुआत में शाहरुख ने अपना जन्मदिन मनाया था। जवान एक्टर ने करण जौहर और विक्की कौशल के साथ मिलकर IIFA अवॉर्ड्स को को-होस्ट किया था। वहीं, वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्टर सुजोय घोष की फिल्म किंग में नजर आएंगे। किंग में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। पहली बार बाप-बेटी साथ में स्क्रीन शेयर करेंगे। दोनों को साथ में देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड है। किंग खान आखिरी बार फिल्म डंकी में नजर आए थे।