‘तू या मैं’ आज रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म के जरिए अनिल कपूर की भतीजी शनाया कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की है। इस फिल्म में हीरो का रोल आदर्श गौरव निभा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन बिजॉय नाम्बियार ने किया है। ‘तू या मैं’ की पूरी कहानी हीरो-हीरोइन के इर्द-गिर्द घूमती है। सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि इस फिल्म की कहानी जेन-जी दर्शकों के लिए परफेक्ट है।
कई लोग कयास लगा रहे हैं कि वैलेंटाइन डे पर जेन-जी जनरेशन यह फिल्म देखने जाएगी। लेकिन सवाल उठता है कि क्या यह फिल्म देखनी लायक है? क्या है इस फिल्म की कहानी? इन सवालों के जवाब जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट।
यह भी पढ़ें: 'उम्र के हिसाब से करनी चाहिए मूवी', इमरान खान ने शाहरुख, सलमान को ऐसा क्यों कहा?
फिल्म की कहानी
‘तू या मैं’ नाम से कई दर्शकों को यह एक रोमांस कॉमेडी फिल्म लग सकती है लेकिन निर्देशक ने नाम में ही ट्विस्ट दे दिया है, क्योंकि यह कोई रोम-कॉम मूवी नहीं बल्कि एक सर्वाइवल ड्रामा फिल्म है। फिल्म की शुरुआत दो इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स से होती है, जो कि फिल्म के हीरो-हीरोइन हैं। शनाया ‘मिस वैनिटी’ के किरदार में हैं, जो मुंबई के पॉश इलाके में रहती हैं।
मिस वैनिटी आए दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करती रहती हैं और एक दीवा की तरह जीवन जीती हैं। वहीं हीरो मारुति, नालासोपारा का ‘बंटाई रैपर’ है। वह पेशे से रैपर है, सोशल मीडिया पर एक्टिव रहता है और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीता है।
मिस वैनिटी और बंटाई रैपर सोशल मीडिया पर मिलते हैं। दोनों के बीच एक अजीब-सा प्यार पनपता है, जिसमें कभी आकर्षण तो कभी नफरत नजर आती है। यहां तक फिल्म केवल एक लव स्टोरी लगती है। फिल्म की कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब मिस वैनिटी और बंटाई रैपर घूमने के लिए गोवा जाते हैं। मुंबई से गोवा के सफर में तेज बारिश की वजह से उनकी बाइक खराब हो जाती है। जिसके बाद दोनों मजबूरन बीच रास्ते रुक जाते हैं। दोनों एक खाली और सुंदर रिज़ॉर्ट में साथ ठहरने का प्लान बनाते हैं।
यह भी पढ़ें: 'घूसखोर पंडत' फिल्म पर चलेगी कैंची? मनोज बाजपेयी ने दी सफाई
उस रिजॅार्ट में एक छोटा-सा पुल है। इसी पुल की वजह से फिल्म लव स्टोरी से सर्वाइवल ड्रामा में बदल जाती है। रिजॅार्ट के पुल को देखकर वैनिटी मैम खुश हो जाती हैं, लेकिन पुल के नीचे एक जानलेवा 15 फीट का मगरमच्छ है। यहीं से फिल्म सर्वाइवल स्टोरी बन जाती है। एक तरफ मगरमच्छ है तो दूसरी तरफ मिस मैम अपनी जान बचाने के लिए जूझ रही हैं। यहीं से फिल्म दर्शकों के लिए एक रोमांचक थ्रिलर बन जाती है। दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प हो जाता है कि आखिर बचेगा कौन तू या मैं?
एक्टिंग कैसी है?
शनाया कपूर ने अपनी पहली फिल्म के हिसाब से काफी बेहतरीन एक्टिंग की है। डायलॉग डिलीवरी से लेकर डांस तक, शनाया ने अपने हुनर से लोगों का दिल जीत लिया है। फिल्म आने से पहले कई ट्रोलर्स ने शनाया को नेपो किड होने की वजह से खूब ट्रोल किया था, लेकिन शनाया ने अपनी एक्टिंग के जरिए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
आदर्श गौरव ने इस फिल्म में शानदार एक्टिंग की है। उन्हें देखकर लोग यह भूल जाते हैं कि वह एक्टिंग कर रहे हैं या यह हकीकत है। जानकारी के लिए बता दें कि यह आदर्श गौरव की पहली फिल्म नहीं है। इससे पहले वह ‘द व्हाइट टाइगर’ में काम कर चुके हैं। वहीं से कई लोग उनकी एक्टिंग के कायल हो गए थे। इस फिल्म में भी आदर्श ने रैपर की भूमिका को बेहतरीन अंदाज में निभाया है।
क्यों देखें यह फिल्म?
अगर आपको सर्वाइवल ड्रामा फिल्में पसंद हैं, तो यह फिल्म आपको जरूर देखनी चाहिए। लेकिन अगर आपका दिल कमजोर है और आप डरावनी फिल्में देखने में असहज महसूस करते हैं, तो यह फिल्म देखने से पहले एक बार जरूर सोचें। यह फिल्म घिसी-पिटी लव स्टोरी से हटकर है। इसलिए उन दर्शकों को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए, जो पारंपरिक लव स्टोरी से ऊब चुके हैं और एक अलग तरह की प्रेम कहानी की तलाश में हैं।