HC से तुरंत मिली जमानत, फिर जेल में क्यों बीती अल्लू अर्जुन की रात?
शुक्रवार को गिरफ्तार हुए फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन को हाई कोर्ट ने शाम तक जमानत दे दी थी लेकिन जेल में ही उनकी पूरी रात बीती। आइए समझते हैं कि ऐसा क्यों हुआ?

अल्लू अर्जुन, Photo: PTI
फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन का शुक्रवार का दिन बेहद नाटकीय गुजरा। उनकी फिल्म 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत हुई थी। इसी केस में अल्लू अर्जुन के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को तेलंगाना की पुलिस ने पहले तो अल्लू अर्जुन से पूछताछ की फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अल्लू अर्जुन को कोर्ट में पेश किया गया और निचली अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अल्लू के वकीलों ने तुरंत तेलंगाना हाई कोर्ट में अपील की। हाई कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए 4 हफ्ते की अंतरिम जमानत दे दी। इस बीच अल्लू अर्जुन जेल पहुंच गए थे और उन्हें रात जेल में ही बितानी पड़ी। इस मामले को लेकर खूब राजनीति भी हो रही है। कोई तेलंगाना पुलिस की आलोचना कर रहा है तो कोई यह कह रहा है कि कानून को ऐसे ही काम करना चाहिए और हर किसी को जवाबदेह होना ही चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, अल्लू अर्जुन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला आते ही उन्हें चंचलगुड़ा जेल भेज दिया गया था। रिहाई के वक्त उनके पिता और ससुर उन्हें लेने जेल पहुंचे थे। इस मामले में अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने कहा कि उन्हें कोर्ट के आदेशानुसार कल ही रिहा कर दिया जाना चाहिए था लेकिन जो किया गया वह सही नहीं था, हम कानूनी तरीके से आगे बढ़ेंगे।
दरअसल, कोर्ट का आदेश आने के बाद उसकी कॉपी अपलोड होने या उसे जेल तक पहुंचने में समय लगता है। इस केस में भी ऐसा ही होने की बात कही जा रही है। यही वजह है कि अल्लू अर्जुन को जमानत मिलने के बावजूद प्रक्रिया पूरी होते-होते रात बीत गई। उनके लिए चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल की क्लास 1 बैरक तैयार की गई थी। जब अल्लू के फैंस को पता चला कि वह जेल से बाहर नहीं आ रहे हैं तो वे आक्रोशित हो उठे और जेल के बाहर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 4 दिसंबर की रात अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में उनके फैन्स संध्या थिएटर में उमड़ पड़े थे। उसी दौरान भगदड़ मचने से 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई थी और उनका 8 वर्षीय बेटा घायल हो गया था। हैदराबाद पुलिस ने महिला के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 118 (1) के तहत चिक्कड़पल्ली थाने में मामला दर्ज किया है।
इस बीच इस मामले पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। विपक्षी दलों बीजेपी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अल्लू अर्जुन के साथ किए गए इस व्यवहार पर सवाल उठाया। वहीं, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और वह अपना काम करेगा। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि कानून सबके लिए समान है। उन्होंने कहा, 'कोई भी उस महिला के बारे में बात नहीं कर रहा है जिसकी जान चली गई या उसके बेटे के बारे में जो कोमा में है। जब वह कोमा से उठेगा तो उसकी मां नहीं होगी।'
इससे पहले पुलिस जब राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अल्लू अर्जुन के घर पहुंची तो वहां कुछ नाटकीय घटनाक्रम भी हुआ। एक वीडियो में अल्लू अर्जुन को एक पुलिसकर्मी से बहस करते और उनके बेडरूम में आने पर आपत्ति जताते हुए देखा जा सकता है। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने अल्लू अर्जुन के साथ आम अपराधी जैसा व्यवहार करने के लिए सरकार की आलोचना की।
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला के पति भास्कर ने कहा कि वह इस घटना के संबंध में दर्ज कराया गया अपना मामला वापस लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मीडिया से कहा, 'अल्लू अर्जुन का सिनेमाघर में पहुंचना गलत नहीं था। मैं अपना मामला वापस लेने के लिए तैयार हूं।' भास्कर ने बताया कि पुलिस ने उन्हें अर्जुन की गिरफ्तारी के बारे में कोई सूचना नहीं दी और समाचारों से ही उन्हें इसकी जानकारी मिली।
अल्लू अर्जुन के साथ क्या-क्या हुआ?
- पुलिस ने पहले उनके घर जाकर पूछताछ की
- फिर पूछताछ के लिए थाने लेकर आई
- पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया
- गिरफ्तारी के बाद मेडिकल कराया गया
- मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया गया
- पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
- अल्लू अर्जुन ने हाई कोर्ट में अपील की
- हाई कोर्ट ने 4 हफ्तों की अंतरिम जमानत दे दी
- अंतरिम जमानत के बाद सुबह तक रिहाई हो पाई
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap