logo

ट्रेंडिंग:

चुनाव से पहले बांग्लादेश ने अमेरिका से किया समझौता, क्या ढाका में बढ़ेगा दखल?

अमेरिका और बांग्लादेश के बीच व्यापार समझौते की घोषणा हो गई है और इस समझौते के तहत अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया है।

donald trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

अमेरिका और बांग्लादेश के बीच व्यापार समझौता हो गया है। इस समझौते के तहत बांग्लादेश से आयात होने वाले सामानों पर अमेरिकी टैरिफ को घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। अमेरिका ने बांग्लादेश पर सिर्फ 1 प्रतिशत टैरिफ घटाया है। व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर इस बारे में जानकारी दी है। इस समझौते के तहत बांग्लादेश में बने कुछ उत्पादों को छूट दी गई है। 

 

इस समझौते के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने कहा कि अमेरिका ने यह सहमति जताई है कि अमेरिकी कच्चे माल से बने कुछ बांग्लादेशी कपड़े और अन्य उत्पाधों को जीरो टैरिफ पर मार्केट में एंट्री दी जाएगी। बता दें कि दोनों देशों के बीच पिछले करीब 9 महीने से इस समझौते को लेकर बातचीत जारी थी। 

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप के व्हाइट हाउस ने व्यापार समझौते की कर दी घोषणा, एक-एक प्वाइंट जानें

अब सिर्फ 19 प्रतिशत टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अप्रैल 2025 में बांग्लादेश पर 37 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, बाद में दोनों देशों के बीच हुई बातचीत के बाद इसे घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया था। अब नए समझौते के तहत इसे घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। मोहम्मद यूनुस ने इस फैसले को इंटरनेशनल मार्केट में करड़े की सप्लाई चेन में बांग्लादेश की स्थिति को मजबूत करने में बड़ा कदम बताया है। 

बांग्लादेश के टेक्सटाइल सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

बांग्लादेश के कुल निर्यात का एक बड़ा हिस्सा टेक्सटाइल इंडस्ट्री से आता है। एक अनुमान के मुताबिक, कुल निर्यात का 80 प्रतिशत हिस्सा कपड़ा उद्योग से ही आता है। अमेरिका-बांग्लादेश के बीच हुआ यह व्यापार समझौता कपड़ा उद्योग के लिए एक बड़ी राहत है। 2024 के बाद से बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी और इसे संभालने के लिए यूनुस प्रशासन पिछले 9 महीनों से अमेरिका के साथ सौदेबाजी कर रहा था। इस समझौते के तहत अब बांग्लादेश ने अमेरिका के लिए अपनी मार्केट को खोल दिया है। 

 

बांग्लादेश अब अमेरिकी केमिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटो पार्ट्स और कृषि उत्पादों को प्राथमिकता देगा। इसके साथ ही बांग्लादेश ने अगले 15 सालों में अमेरिका से 15 अरब डॉलर की एनर्जी और 3.5 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद खरीदने का वादा किया है। विमानन क्षेत्र में भी बड़ी डील हुई है। बांग्लादेश अमेरिका के 14 बोइंग विमान खरीदने के प्लान पर काम कर रहा है। 

किन उत्पादों पर लगेगा जीरो टैरिफ

 

इस समझौते के तहत बांग्लादेश के कुछ उत्पादों पर अमेरिका जीरो टैरिफ लगाएगा। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने साफ किया है कि जीरो टैरिफ की सुविधा उन उत्पादों पर  मिलेगी, जिनको बनाने में अमेरिका में पैदा हुई कपास और फाइबर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा अमेरिका ने वादा किया है कि वह ऐसे अन्य उत्पादों की पहचान करेगा जिन पर जीरो टैरिफ लगाया जा सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: टैरिफ 0% होता तो T20 मैच जीत जाता अमेरिका? पीयूष गोयल की US को गुगली

भारत-अमेरिका में बातचीत जारी

बांग्लादेश से आयात पर अमेरिकी अब 19 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा। वहीं, भारत से आयात पर ट्रंप प्रशासन 18 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर सहमत हुआ है। हालांकि, इस व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए अभी बातचीत जारी है। अमेरिका ने बांग्लादेश के साथ हुए समझौते पर कहा कि बांग्लादेश दक्षिण एशिया में पहला ऐसा देश है जिसने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया है। अमेरिका ने इसे बांग्लादेश की मार्केट को खोलने, व्यापार में आने वाली बाधाओं को दूर करने और अमेरिकी निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक अहम कदम बताया है। 

चुनाव से पहले अहम समझौता

बांग्लादेश में अगस्त 2024 से अंतरिम सरकार ही काम कर रही है। पूर्व प्रधानंत्री शेख हसीना प्रदर्शनों के बाद भारत चली आई थीं और अभी भी वह यहीं हैं। उनके भारत आने के बाद से बांग्लादेश में अस्थिरता की स्थिति बनी हुई थी और अब चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों में भी कई जगह हिंसा देखने को मिली है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार चुनाव से पहले आर्थिक स्थिरता दिखाने की कोशिश कर रही है, जिसमें अमेरिका के साथ हुए इस व्यापार समझौते को अहम माना जा रहा है। हालांकि, अब यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि बांग्लादेश में इस व्यपार समझौते से अमेरिका का दखल बढ़ सकता है। 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap