रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव लगभग जीत लिया है। अगले चार साल के लिए अब अमेरिका में ट्रंप की सरकार चलेगी। ट्रंप जनवरी, 2025 में अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप को बहुमत मिल गया है जबकि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस बहुमत के आकंड़े से पीछे रहे गई हैं। जीत के लिए बहुमत का आकंड़ा 270 है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद ट्रंप ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति चुनाव ने इतिहास रच दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए लगातार तीन बार दावेदारी पेश करने वाले ट्रंप किसी राजनेता के घराने से ताल्लुक नहीं रखते हैं। वह एक रियल एस्टेट व्यवसायी के घर पैदा हुए थे। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि राजनीति में कदम रखने से पहले वह क्या करते थे और कैसा था उनका पारिवारिक जीवन?
किसके बेटे हैं ट्रंप?
ट्रंप न्यूयॉर्क के रियल एस्टेट टाइकून फ्रेड ट्रम्प की चौथी संतान हैं। परिवार की संपत्ति के बावजूद, उन्होंने अपने पिता की कंपनी में सबसे निचले स्तर की नौकरी की। ट्रंप महज 13 साल के थे जब उन्हें मिलिट्री में भेज दिया गया। यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया के व्हार्टन स्कूल से डिग्री हासिल करने के बाद, वह अपने पिता के उत्तराधिकारी चुने गए। ट्रंप के पिता की मृत्यु महज 43 साल की उम्र में शराब की लत से हो गई थी। ऐसा माना जाता है कि इसी वजह से ट्रंप ने भी जीवन भर शराब और सिगरेट से दूरी बनाए रखी। ट्रंप ने 1971 में कंपनी का सारा काम-काज अपने हाथ में ले लिया और कंपनी का नाम बदलकर 'ट्रंप ऑर्गनाइजेशन' रख दिया।
फैमिली बिजनेस में कदम रखने के बाद फिफ्थ एवेन्यू ट्रंप का घर बन चुका था। कैसीनो, कॉन्डोमिनियम, गोल्फ कोर्स से लेकर होटल तक ट्रंप के नाम थे। इसके अलावा वह एनबीसी रियलिटी शो 'द अप्रेंटिस' के निर्माता-होस्ट के रूप में भी काम कर चुके हैं। बता दें कि ट्रंप ने कई किताबें भी लिखी हैं। हालांकि, हाल के वर्षों में ट्रंप की कुल संपत्ति में गिरावट देखने को मिली है। फोर्ब्स का अनुमान है कि वर्तमान में उनकी संपत्ति लगभग 4 बिलियन डॉलर है।
ऐसा रहा पारिवारिक जीवन
ट्रंप का पारिवारिक जीवन बहुत सुर्खियों में रहा है। ट्रंप ने तीन शादियां की हैं। पहली शादी उन्होंने इवाना ट्रंप और दूसरी मार्ला मेपल्स से की थी। वर्तमान में उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप हैं। पांच बच्चों के पिता ट्रंप पर यौन दुराचार और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगे हैं।
ऐसे हुई राजनीति में एंट्री
- ट्रंप की राजनीति में दिलचस्पी 1980 के दौरान बढ़ी। 2015 में उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के तहत राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी।
- 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को हराकर जीत का परचम लहराया था।
- 2016 के बाद ट्रंप के राजनीतिक जीवन की असल शुरुआत हुई।
- 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन ने ट्रंप को करारी शिकस्त दी थी।
- 2020 अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को चुनौती देते हुए ट्रंप ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया था।
- 6 जनवरी, 2021 में ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल हिल पर हमला किया जिससे ट्रंप का राजनीतिक करियर लगभग खत्म होने के कगार पर पहुंच गया।
- कैपिटल हिल हिंसा के बाद ट्रंप के करीबी सहयोगियों ने भी उनका समर्थन देने से इनकार कर दिया था।
- 2022 में रिपब्लिकन की खराब स्थिति को देखते हुए ट्रंप ने एक बार फिर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी की।
- मार्च, 2022 में ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए नामांकन मिला।
- जुलाई 2022 में रिपब्लिकन नेशनल कंवेशन में औपचारिक रूप से ट्रंप को नामांकन प्राप्त हुआ।
अमेरिकी इतिहास के पहले ऐसे राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिकी इतिहास में डोनाल्ड ट्रंप पहले ऐसे राष्ट्रपति बनें जिन्हें एक ही कार्यकाल में दो बार महाभियोग का सामना करना पड़ा। डोनाल्ड ट्रंप ऐसे राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं जिसके खिलाफ महाभियोग भी चला और उसने दोबारा सत्ता में वापसी भी की। बता दें कि महाभियोग वो प्रक्रिया है जिसमें अमेरिका में राष्ट्रपति को उसके पद से हटाया जा सकता है। ट्रंप पर अपने समर्थकों को कैपिटल हिल यानी अमेरिकी संसद परिसर पर हमला करने के लिए उकसान का आरोप लगा था। इस हिंसा में 5 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रंप पर पहला महाभियोग दिसंबर 2019 और दूसरा महाभियोग जनवरी 2021 में चलाया गया था।