टैरिफ मामले में तनाव के बीच अमेरिका ने भारत के साथ 10 वर्षीय डिफेंस फ्रेमवर्क साइन किया है। इसके तहत भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग काफी मजबूत होने की उम्मीद है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसकी जानकारी साझा की। फ्रेमवर्क साइन करने के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने राजनाथ सिंह का आभार जताया। पीट हेगसेथ ने भारत-अमेरिकी संबंधों को दुनिया के सबसे अहम रिश्तों में से एक बताया।
 
10 वर्षीय डिफेंस फ्रेमवर्क को पीट हेगसेथ ने महत्वाकांक्षी बताया और कहा कि यह दोनों देशों की सेनाओं की खातिर अहम है। इससे संबंध गहरे होंगे। सार्थक सहयोग का रोडमैप तैयार होगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारा रणनीतिक समन्वय साझा हितों, आपसी विश्वास और एक सुरक्षित व समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र की प्रतिबद्धता पर टिका है। दोनों देशों के रक्षा संबंध पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे हैं।
 
 
यह भी पढ़ें: 'ईसाई धर्म अपना लें...' जेडी वेंस पत्नी का धर्म परिवर्तन करवाना चाहते हैं?
 
अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पीट हेगसेथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ फोटो साझा की। बताया कि 10 वर्षीय अमेरिका-भारत डिफेंस फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर करन के लिए मैंने अभी-अभी राजनाथ सिंह से मुलाकात की। यह हमारी रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाएगा। यह क्षेत्रीय स्थिरता और प्रतिरोध की आधारशिला है। हम अपने समन्वय, सूचना शेयरिंग और तकनीकी सहयोग को बढ़ा रहे हैं। हमारे रक्षा संबंध पहले कभी इतने मजबूत नहीं थे।
 
राजनाथ सिंह ने बताया- कितनी अहम है यह साझेदारी
राजनाथ सिंह ने लिखा कि कुआलालंपुर में अपने अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ के साथ एक उपयोगी बैठक की। हमने 10 वर्षीय अमेरिका-भारत रक्षा साझेदारी की रूपरेखा पर हस्ताक्षर किया। यह हमारी पहले से ही मजबूत रक्षा साझेदारी में एक नए युग की शुरुआत करेगा। राजनाथ सिंह ने आगे बताया कि डिफेंस फ्रेमवर्क भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों के संपूर्ण आयाम को नीतिगत दिशा प्रदान करेगी। यह हमारे बढ़ते रणनीतिक अभिसरण का संकेत है और साझेदारी के एक नए दशक का सूत्रपात करेगा। उन्होंने आगे कहा कि रक्षा हमारे द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ बना रहेगा। एक आजाद, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने की खातिर हमारी साझेदारी अहम है।