बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) नेता तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है। इस खास मौके पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तारिक रहमान को बधाई दी और उन्हें जल्द से जल्द भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। यह दौरा दोनों देशों के बीच रिश्तों की एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
पिछले कुछ समय से दोनों पड़ोसियों के बीच रिश्तों में जो खिंचाव महसूस किया जा रहा था, उसे दूर करने के लिए पीएम मोदी ने चुनाव परिणाम आते ही रहमान से बात की थी। अब ओम बिरला ने खुद मिलकर पीएम मोदी की चिट्ठी उन्हें सौंपी है, जिसमें भारत ने बांग्लादेश की प्रगति और शांति के लिए अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया है।
यह भी पढ़ें: रेड, जांच और इस्तीफा, एपस्टीन फाइल्स ने पश्चिम के देशों में कैसे मचाई खलबली?
17 साल बाद सत्ता में वापसी
तकरीबन 17 साल तक लंदन में निर्वासित जीवन बिताने के बाद तारिक रहमान स्वदेश लौटे और 12 फरवरी को हुए चुनावों में अपनी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत से बड़ी जीत दिलाई। गौरतलब है कि करीब दो साल पहले भारी विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से देश में अंतरिम सरकार चल रही थी। फिलहाल शेख हसीना भारत में ही रह रही हैं।
भारत ने बढ़ाया दोस्ती का हाथ
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनकी मुलाकात काफी सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि भारत अपनी पड़ोसी देश से बेहतर संबंध बनाने की नीति पर कायम है और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करना चाहता है। 13 फरवरी को भी पीएम मोदी ने तारिक रहमान को उनकी शानदार जीत पर बधाई देते हुए फोन किया था।
उन्होंने लिखा, 'अभी-अभी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ एक अच्छी मीटिंग खत्म हुई। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक लेटर PM रहमान को दिया, जिसमें उन्होंने PM रहमान को अपनी शुभकामनाएं दी हैं और उन्हें जल्द से जल्द भारत आने का न्योता दिया है। मैंने भारत के लोगों की तरफ से दिल से बधाई दी और हमारे दोनों पड़ोसी देशों के बीच पक्की पार्टनरशिप को और गहरा करने के हमारे कमिटमेंट को फिर से पक्का किया।'
'बांग्लादेश फर्स्ट' पर जोर
जहां भारत रिश्तों को सुधारने की कोशिश कर रहा है, वहीं पीएम तारिक रहमान ने अपनी विदेश नीति को लेकर रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए 'बांग्लादेश फर्स्ट' ही सबसे ऊपर है। भारत के साथ रिश्तों के सवाल पर रहमान ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश और यहां की जनता के हित ही तय करेंगे कि दूसरे देशों के साथ उनके संबंध कैसे होंगे।