अमेरिका के दक्षिणी प्रांत लुइसियाना में रविवार को एक हथियारबंद शख्स ने दो अलग-अलग घरों में घुसकर अपनी सात संतानों समेत आठ बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारा इतने पर ही नहीं रुका। उसने दो अन्य लोगों को घायल कर दिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी को मार दिया। यह घटना पिछले दो सालों में अमेरिका की सबसे भीषण गोलीबारी की घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना श्रेवेपोर्ट शहर के दक्षिण स्थित एक इलाके की है, जहां आरोपी ने पहले एक घर में घुसकर एक महिला को गोली मारी। इसके बाद वह दूसरे घर पहुंचा जहां इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। श्रेवेपोर्ट पुलिस विभाग के प्रवक्ता क्रिस बॉर्डेलोन ने कहा कि दूसरे घर के भीतर सात बच्चों के शव मिले, जबकि एक बच्चा छत पर मृत पाया गया जो संभवतः बचने की कोशिश में वहां तक पहुंचा था।
यह भी पढ़ें: US ने जहाज पकड़ा, ईरान ने बरसाए ड्रोन; समुद्र में छिड़ी लड़ाई
दो महिलाओं की हालत गंभीर
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी में घायल दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। बॉर्डेलोन ने बताया कि मारे गए बच्चों की उम्र एक साल से करीब 12 साल के बीच थी, जबकि घायलों में शामिल एक महिला उन सात बच्चों की मां है जिन्हें उनके पिता ने मार दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है जिसका पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे मार गिराया।
घटनास्थल का दृश्य भयावह
जांचकर्ताओं ने अभी तक इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। बॉर्डेलोन ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि जांच जारी है। उन्होंने कहा, 'घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह है, ऐसा मंजर हमने पहले कभी नहीं देखा।'
यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट में ही अमेरिका ने ईरानी जहाज पर कब्जा किया, अब क्या होगा?
पुराना अपराधी था हत्यारा
बॉर्डेलोन ने बताया कि एल्किन्स पहले भी पुलिस के रिकॉर्ड में रहा है और उसे वर्ष 2019 में एक हथियार से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उसके खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़ी किसी अन्य घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से भागते समय आरोपी ने बंदूक की बल पर एक कार लूट ली थी, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे ढेर कर दिया।
लुइसियाना की प्रतिनिधि सभा की सदस्य टैमी फेल्प्स ने बताया कि कुछ बच्चों ने पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश की। उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा, “आज यहां पहुंचकर पुलिस और राहतकर्मियों ने जिस भयावह मंजर का सामना किया, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है।”