बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बावजूद हिंदूओं के खिलाफ हिंसा कम नहीं हो रही है। दक्षिणपूर्वी बांग्लादेश में एक हिंदू मंदिर के रख रखाव का काम करने वाला एक व्यक्ति तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। इसके तीन दिन बाद उस व्यक्ति का शव एक पेड़ से लटका मिला। एक अल्पसंख्यक समूह बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद (BHBCUC) ने यह जानकारी दी है। BHBCUC ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने शनिवार देर रात बताया कि चटगांव जिले के स्थानिया उपजिला के दोहाजारी क्षेत्र निवासी 40 साल के नयन साधु का शव लटका मिला है। BHBCUC ने जानकारी दी कि वह कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन में स्थित शिवकाली मंदिर की देखभाल करने के साथ पुजारी का काम भी करते थे।
यह भी पढ़ें: 'ले जाओ अपना बच्चा', वायरल हुईं प्रिंसिपल ने दी सफाई, अब जांच के आदेश
तीन दिन बाद मिला शव
पुलिस और कॉक्स बाजार इलाके के निवासियों के मुताबिक 19 अप्रैल की देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति नयन को अपने साथ ले गए। इसके बाद तीन दिन तक वह घर नहीं लौटा। तीन दिन बाद उनकाी लाश गांव के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटकी हुई मिली। पुलिस के अनुसार, उसी दिन उसको मारकर उसके शव को पेड़ पर लटका दिया गया था।
पुलिस ने क्या बताया?
बांग्लादेश में हिंदूओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के कारण यह मामला और भी ज्यादा संवेदनशील है। 'कालेद कांथा' नाम के एक बांग्लादेशी न्यूजपेपर ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा, 'जब हमने शव बरामद किया, तब तक वह सड़ना शुरू हो चुका था। न्यूजपेपर ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पुलिस अभी तक यह तय नहीं कर सकी है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
BHBCUC ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर BHBCUC ने एक बयान जारी कर नयन की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। BHBCUC की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'एकता परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करती है।'
BHBCUC की एक सीनियर मेंबर काजल देबनाथ ने कहा, 'हम यह बिल्कुल नहीं समझ पा रहे हैं कि एक दूरदराज के इलाके में स्थित अपेक्षाकृत छोटे मंदिर के एक साधारण संरक्षक की हत्या के पीछे क्या मकसद हो सकता है।' बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद की कॉक्स बाजार यूनिट के महासचिव जॉनी धर ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव बरामद किया गया, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि नयन की पत्नी ने 19 अप्रैल को पति के गुमशुदा होने की FIR दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान को दिया ऑफर, कहा- बात करना चाहता है तो संपर्क कर सकता है
लगातार जारी हैं हिंसा की घटनाएं
इस बीच, पुलिस ने रविवार को पूर्वी कुमिला में एक युवा हिंदू सीमा शुल्क अधिकारी बुलेट बैरागी की रहस्यमय मौत के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। बुलेट बैरागी का शव शनिवार को ढाका-चटगांव सड़क के किनारे मिला था। परिवार ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। रैपिड एक्शन बटालियन के कंपनी कमांडर मेजर सदमान इब्ने आलम ने बताया कि शनिवार रात से कुमिला के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी के बाद हमने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले नौ अप्रैल को परिषद ने कहा था कि बांग्लादेश में इस साल एक जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं हुई हैं।