ओरेकल कंपनी को अब तक की सबसे बड़ी छंटनी का सामना करना पड़ सकता है। इसके पीछे मुख्य वजह ओपन एआई के साथ किया गया 300 अरब डॉलर का बहुत बड़ा सौदा है, जो सोच से कहीं ज्यादा महंगा साबित हो रहा है। इन्वेस्टमेंट बैंक टीडी कोवेन ने इस हफ्ते रिपोर्ट में कहा है कि ओरेकल 20,000 से 30,000 नौकरियां कम करने पर विचार कर रही है।
इससे कंपनी को 8 से 10 अरब डॉलर का अतिरिक्त कैश मिल सकता है। कंपनी को इस पैसे की बहुत जरूरत है क्योंकि वह एआई डेटा सेंटर बनाने में लगा हुआ है, जो ज्यादातर ओपनए आई (सैम ऑल्टमैन की कंपनी) के लिए ही हैं।
यह भी पढ़ें: बजट में मंत्रियों और सचिवालय खर्च के लिए बढ़े पैसे, सरकार ने कहा- जरूरी था
OpenAI में निवेश
टीडी कोवेन के अनुसार, सिर्फ ओपन एआई के लिए ओरेकल को करीब 156 अरब डॉलर खर्च करने पड़ेंगे। इसमें लगभग 30 लाख GPUs (ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स) लगाने होंगे।
ओरेकल ने पिछले दो महीनों में ही 58 अरब डॉलर का कर्ज लिया है। इसमें टेक्सास और विस्कॉन्सिन में डेटा सेंटर के लिए 38 अरब डॉलर और न्यू मैक्सिको में एक कैंपस के लिए 20 अरब डॉलर शामिल हैं। अब कंपनी का कुल कर्ज 100 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया है।
लेकिन समस्या यह है कि 58 अरब डॉलर सिर्फ शुरुआत है। अभी और बहुत पैसा चाहिए। सितंबर 2025 में ओरेकल के शेयर की कीमत सबसे ऊपर थी, लेकिन अब उससे आधी से भी कम रह गई है। कंपनी की मार्केट वैल्यू में करीब 463 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है।
अमेरिकी बैंक पीछे हट रहे
अब यह समस्या सिर्फ ओरेकल की नहीं रही। कई अमेरिकी बैंक ओरेकल से जुड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स के लिए कर्ज देने से पीछे हट गए हैं। टीडी कोवेन ने बताया कि सितंबर से बैंकों ने ओरेकल पर ब्याज की दर दोगुनी कर दी है। अब कर्ज लेना इतना महंगा हो गया है जैसे कंपनी जंक रेटेड (खराब क्रेडिट वाली) हो।
इस वजह से कई डेटा सेंटर लीज के सौदे रुक गए हैं। प्राइवेट कंपनियां निर्माण के लिए फंडिंग नहीं पा रही हैं। नतीजा यह कि ओरेकल अपने ग्राहकों खासकर ओपन एआई को जरूरी क्षमता नहीं दे पा रही है। कुछ एशियाई बैंक अभी भी मदद कर रहे हैं, लेकिन अमेरिका में जहां ज्यादातर विस्तार की योजना है, वहां समस्या बनी हुई है।
हालात कितने तंग हैं
ओरेकल चुप नहीं बैठी है। कंपनी अब नए ग्राहकों से कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू का 40% पहले ही मांग रही है, यानी ग्राहक खुद इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पैसा दे रहे हैं। कुछ मामलों में ‘Bring your own chip’ का विकल्प भी है, जहां ग्राहक अपना हार्डवेयर लाते हैं।
कंपनी अपनी हेल्थकेयर सॉफ्टवेयर यूनिट सेर्नर को बेचने पर भी विचार कर रही है। ओरेकल ने 2022 में इसे 28.3 अरब डॉलर में खरीदा था। अगर बिक गई तो यह बड़ा बदलाव होगा। इससे पता चलेगा कि अब एआई इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे पहले है, बाकी सब कुछ बिकने को तैयार है।
यह भी पढ़ें: मनरेगा को 30000 तो VB-G RAM G को दिए 90 हजार Cr, दोनों योजनाओं को कैसे मिला फंड?
टीडी कोवेन ने यह भी कहा कि ओपन एआई ने अपने कुछ जरूरी काम अब माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन की तरफ शिफ्ट कर दिए हैं। यह ओरेकल की समय पर डिलीवरी करने की क्षमता पर भरोसा न होने का संकेत है। अभी तक ओरेकल ने छंटनी या फाइनेंसिंग की इन मुश्किलों पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।