प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुवैत दौरे का आज दूसरा और आखिरी दिन है। 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की कुवैत की यह पहली यात्रा है। पीएम मोदी कुवैत के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह के न्योते पर पहुंचे हैं। दूसरे दिन पीएम मोदी को कुवैत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर' से सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी का यह 20वां अंतर्राष्ट्रीय सम्मान है। पीएम मोदी से पहले यह सम्मान बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को मिल चुका है।
इससे पहले कुवैत दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। पीएम मोदी को यह गार्ड ऑफ ऑनर कुवैत के बयान पैलेस में दिया गया था। इस दौरान कुवैत के अमीर भी मौजूद थे।
पीएम मोदी ने की अमीर से मुलाकात
बयान पैलेस में पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर अल-सबाह से मुलाकात भी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बैठक के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर बताया, 'प्रधानमंत्री मोदी का कुवैत के बयान पैलेस में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहम अब्दुल्लाह अल-अहमद अल-सबाह ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अमीर, क्राउन प्रिंस और कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत भी हुई।'
भारतीय समुदाय को किया था संबोधित
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। शेख साद अल अब्दुल्ला इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'हला मोदी' कार्यक्रम में शिरकत की थी। उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 'उत्तर, पश्चिम, पूर्व और दक्षिण से लोग, जो अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं, यहां हैं- 'लेकिन सबके दिल में एक ही गूंज है- भारत माता की जय।'
पीएम मोदी ने कहा कि 'कुवैत की स्वतंत्रता के बाद कुवैत को भारत ने मान्यता दी थी। मैं कुवैत के लोगों और यहां की सरकार का आभारी हूं। कुवैत को भारत का एनर्जी सेक्टर में एक अहम पार्टनर बताया। कुवैत ने भारत को लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई दी। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। उन्होंने कहा कि भारतीयों ने भारतीयता को अपने दिलों में संजो कर रखा है।'

कब-कब वैश्विक पुरस्कारों से नवाजे गए हैं प्रधानमंत्री मोदी?
-सऊदी अरब- ऑर्डर ऑफ अब्दुल अजीज अल साउद अवार्ड। 3 अप्रैल 2016
- अफगानिस्तान- स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान अवार्ड। 4 जून 2016
- फलस्तीन- ग्रांड कलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन अवार्ड। 4 जून 2016
- रूस- ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल अवार्ड। 12 अप्रैल 2019
- मालदीव- ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन अवार्ड। 8 जून 2019
- UAE- ऑर्डर ऑफ जायेद अवार्ड। 24 अगस्त 2019
- बहरीन-किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां अवार्ड। 25- अगस्त 2019
- अमेरिका- लीजन ऑफ मेरिट। 22 दिसंबर 2020
- भूटान- ऑर्डर ऑफ ड्रुक ग्यालपो अवार्ड। 17 दिसंबर 2021
- रिपब्लिक ऑफ पलाऊ- एबाकल अवार्ड बाई द रिपब्लिक ऑफ पलाऊ। 22 मई 2023
- पपुआ न्यू गिनी- कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर। 22 मई 2023
- फिजी- कंपेनियरन ऑफ द फिजी अवार्ड। 22 मई 2023
- मिस्र- ऑर्डर ऑफ द नील अवार्ड। 25 जून 2023
- फ्रांस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर अवार्ड। 14 जुलाई 2023
- ग्रीस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑनर अवार्ड। 25 अगस्त 2023
- डोमिनिका- डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर। 14 नवंबर 2024
- कुवैत- द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर। 22 दिसंबर 2024