logo

ट्रेंडिंग:

भारत की जेल में मेहुल चोकसी को कैसे रखेंगे? सरकार ने बेल्जियम को बताया

PNB में हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। चोकसी बेल्जियम की जेल में बंद है।

mehul choksi

मेहुल चोकसी। (Photo Credit: PTI/AI Generated)

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हजारों करोड़ का घोटाला करने मेहुल चोकसी को भारत लाए जाने के बाद मुंबई की जेल में रखा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे लेकर बेल्जियम की सरकार और अदालत को एक फॉर्मल लेटर भेजा है। इस लेटर में गृह मंत्रालय ने बताया कि अगर मेहुल चोकसी को प्रत्यर्पित कर भारत लाया जाता है तो उसे कहां और किन हालात में रखा जाएगा।

 

गृह मंत्रालय ने यह लेटर इसलिए लिखा है, क्योंकि बेल्जियम की सरकार और अदालत को इस बात की चिंता थी कि अगर उसे भारत भेजा जाता है तो वहां उसके मानवाधिकारों का हनन हो सकता है।

 

मेहुल चोकसी को इस साल 12 अप्रैल को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। वह दिसंबर 2017 में भारत से भाग गया था। PNB घोटाले में मेहुल चोकसी मुख्य आरोपी है।

 

यह भी पढ़ें-- मेहुल चोकसी-नीरव मोदी ने कैसे किया था 13,500 करोड़ का घोटाला? समझिए

भारत आने पर कहां-कैसे रहेगा चोकसी?

  • कहां रहेगा चोकसी?: गृह मंत्रालय ने अपनी चिट्ठी में बताया है कि भारत लाए जाने के बाद मेहुल चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल की बैरक नबंर 12 में रखा जाएगा। यूरोप की कमेटी फॉरप्रिवेंशन ऑफ टॉर्चर (CPT) के मुताबिक, हर कैदी के लिए जेल में 3 वर्ग मीटर की जगह होनी चाहिए। गृह मंत्रालय ने बताया है कि जेल में चोकसी के लिए काफी जगह होगी।
  • बैरक में क्या-क्या होगा?: गृह मंत्रालय ने बताया है कि बैरक में सोने के लिए साफ और सूती गद्दा, तकिया, चादर और कंबल होगा। डॉक्टर की सलाह या अदालत के आदेश पर बिस्तर दिया जा सकता है। कोठरी में खिड़कियां, वेंटिलेटर और सीलिंग फैन लगे हैं। रोज सफाई होती है और पीने का पानी दिया जाता है। लिविंग एरिया से हटकर टॉयलेट और बाथरूम है। सेल की भीतर भी नहाने की सुविधा है।
  • जेल में क्या-क्या होगा?: अपनी चिट्ठी में गृह मंत्रालय ने बताया है कि कैदियों को दिन में तीन बार खाना दिया जाता है। डॉक्टरों की सलाह पर खाने की विशेष जरूरतों को भी पूरा किया जाता है। जेल कैंटीन और फल और नाश्ते की सुविधा भी मौजूद है। खुले आसमान के नीचे रोजाना व्यायाम करने की अनुमति है। जेल में बोर्ड गेम और बैडमिंटन भी खेला जा सकता है। जेल में योग, ध्यान, पुस्तकालय और पढ़ने की भी सुविधा है।
  • स्वास्थ्य के लिए क्या सुविधा?: जेल में चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सुविधा रहती है। छह मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग, फार्मासिस्ट और लैब हैं। आईसीयू की क्षमता वाला 20 बेड का एक जेल अस्पताल है। इमरजेंसी की स्थिति में लगभग 3 किलोमीटर दूर जेजे ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल में रेफर किया जा सकता है। कैदी अपने खर्च पर प्राइवेट मेडिकल केयर भी ले सकता है। गृह मंत्रालय ने बताया कि चोकसी की मेडिकल कंडीशन के आधार पर उसे जरूरी सुविधाएं फ्री में उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • बैरक नंबर 12 ही क्यों?: गृह मंत्रालय ने बताया है कि बैरक नंबर 12 मेन कैंपस से अलग है। यहां चौबीसों घंटे CCTV से निगरानी की जाती है। जेल के कर्मचारी यहां हर वक्त तैनात रहते हैं। बैकर में अहिंसक या व्हाइट कॉलर अपराधी ही रखे जाते हैं। यहां भीड़भाड़ नहीं होती है। जेल में बंद कैदी रविवार और पब्लिक हॉलीडे को छोड़कर रोजाना वकील से मुलाकात कर सकता है। सगे-संबंधियों से हफ्ते में एक बार मुलाकात की इजाजत है। टेलीफोन और वीडियो कॉन्फ्रेंस की सुविधा भी है।

यह भी पढ़ें-- मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी के बाद क्यों चर्चा में हैं बारबरा जकारिका?

कब तक भारत आएगा चोकसी?

मेहुल चोकसी नवंबर 2023 से ही बेल्जियम में रह रहा है। उसे इस साल 12 अप्रैल को बेल्जियम के एंटवर्प से गिरफ्तार किया गया था। भारत की रिक्वेस्ट पर उसे गिरफ्तार किया गया था। उसने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी लेकिन बेल्जियम की अदालत ने उसकी याचिका को खारिज कर दिया था।

 

मेहुल चोकसी ने दावा किया था कि अगर उसे भारत भेजा जाता है तो वहां उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन हो सकता है। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बेल्जियम सरकार को आश्वासन दिया है कि अगर मेहुल चोकसी को भारत लाया जाता है तो सारी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।

 

न्यूज एजेंसी ANI ने बताया है कि अब बेल्जियम की सरकार भारत के आश्वासन पर विचार करेगी। अगर सारी शर्तें पूरी हो जाती हैं तो मेहुल चोकसी को भारत प्रत्यर्पित किया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें-- दुनिया खिलाफ, किम जोंग ने कैसे संभाली उत्तर कोरिया की अर्थव्यवस्था?

मेहुल चोकसी पर क्या हैं आरोप?

जनवरी 2018 में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 13,500 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला सामने आया था। इस घोटाले को मेहुल चोकसी और उसके भांजा नीरव मोदी ने मिलकर अंजाम दिया था।

 

इसके लिए दोनों ने PNB के कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी तरीके से लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LOU) और फॉरेन लेटर ऑफ क्रेडिट (FLC) हासिल किए। यह एक तरह से गारंटी होती है, जो बैंक अपने क्लाइंट के लिए विदेशी बैंकों को देता है। इसका मतलब होता है कि अगर क्लाइंट पैसे न चुका पाए तो उसे बैंक चुकाएगा।

 

इन LOU और FLC के जरिए मेहुल चोकसी, नीरव मोदी और उनकी कंपनियों ने भारतीय बैंकों की विदेश में स्थित ब्रांचों से हजारों करोड़ रुपयों का लोन लिया था। यह पूरा घोटाला 13,500 करोड़ रुपये का है। कुल मिलाकर, मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की कंपनियों ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा किया, जिससे PNB को नुकसान हुआ।

 

साल 2018 में PNB घोटाला सामने आने से पहले ही मेहुल चोकसी भारत से भाग गया था। उसने दिसंबर 2017 में ही एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। भारत से भागने के बाद वह कुछ सालों तक एंटीगुआ में ही रहा।

 

मेहुल चोकसी बाद में बेल्जियम आ गया था। वह एंटवर्प में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था। प्रीति चोकसी के पास बेल्जियम की नागरिकता है, जिस कारण मेहुल चोकसी को भी वहां का 'रेसिडेंसी कार्ड' आसानी से मिल गया। हालांकि, इसके लिए मेहुल चोकसी ने फर्जी दस्तावेज लगाए थे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap