logo

ट्रेंडिंग:

कौन है उस्मान हादी? जिसको गोली मारते ही बांग्लादेश में फैली अशांति

बांग्लादेश में कट्टर इस्लामी नेता उस्मान हादी को गोली मार दी गई है। यह वही उस्मान हादी है, जिसने भारत के कुछ हिस्सों को बांग्लादेश में दिखाने वाला एक फर्जी नक्शा सोशल मीडिया पर साझा किया था।

Osman Hadi News.

कट्टरपंथी छात्र नेता उस्मान हादी। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

बांग्लादेश में तनाव और अशांतिपूर्ण माहौल है। 12 फरवरी को आम चुनाव से पहले इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी पर फायरिंग के बाद माहौल गरमा चुका है। इस बीच, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने शनिवार को पूरे देश सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का आदेश दिया है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक सवार दो लोगों ने उस्मान हादी को गोली मारी। उस्मान ई-रिक्शा पर सवार था। वारदात को बिजय नगर के बॉक्स कल्वरट रोड पर अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश भाग निकले।

 

उस्मान हादी का ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेडिकल बोर्ड का कहना है कि सर्जरी के बावजूद मस्तिष्क में गंभीर चोट होने के कारण अभी भी हालत बेहद नाजुक बनी है। सिर के अलावा फेफड़ों पर भी चोट लगी है। डॉक्टरों का कहना है कि उस्मान हादी को वेंटिलेटर की जरूरत है। गोली लगने के बाद हादी को सबसे पहले ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। शुक्रवार रात को पहली सर्जरी यहां हुई। इसके बाद एवरकेयर अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती किया गया।

 

यह भी पढ़ें: अफीम के लिए बदनाम अफगानिस्तान, खेती में म्यांमार से पिछड़ कैसे गया?

पूरे बांग्लादेश में बढ़ाई गई सुरक्षा

ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर मुस्तैक अहमद के मुताबिक उस्मान हादी के दाहिने हिस्से में गोली लगने के बाद बाएं कान से निकल गई। कुछ टुकड़े उसके मस्तिक में ही रह गए। बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) जहांगीर आलम चौधरी ने ऑपरेशन डेविल हंट के दूसरे चरण का कर दिया है। उनका कहना है कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध हथियारों के बढ़ते खतरे से निपटने की खातिर यह ऑपरेशन शुरू कर रही है।

विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू

उस्माद हादी को गोली मारने की घटना के बाद पूरे बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है। राजधानी ढाका, नारायणगंज, मुंशीगंज, गाजीपुर, झालकाठी, झेनैदाह, कुश्तिया और चटोग्राम में विरोध प्रदर्शन की खबर है। पूरे बांग्लादेश के विश्वविद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं ने घटना के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई और विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

ढाका पुलिस ने जारी की संदिग्ध की फोटो

बता दें कि इसी साल फरवरी में पहली बार ऑपरेशन डेविल हंट शुरू किया था। इसमें बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के सदस्यों को निशाना बनाया गया था। गृह मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने कहा कि जो भी हादी को गोली मारने वाले संदिग्ध की जानकारी देगा, उसे सरकार 50 लाख टका का इनाम देगी। इस बीच, ढाका महानगर पुलिस (DMP) ने संदिग्ध की फोटो जारी की है। उसकी पहचान फैसल करीम मसूद के तौर पर बताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: दो बातें, जो 2027 की जनगणना को बनाती हैं सबसे खास; 2011 से क्या कुछ अलग होगा?

 

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग अब भंग हो चुकी है। इसको भंग करने में इंकलाब मंच ने अहम भूमिका निभाई थी। अवामी लीग के खिलाफ इस दक्षिणपंथी मंच ने सबसे बड़ा अभियान छेड़ा था। उस्मान हादी इसी इंकलाब मंच का प्रवक्ता है। अगले साल फरवरी में होने वाले आम चुनाव में उस्मान ढाका-8 से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में था। उसने पिछले साल 13 अगस्त को सांस्कृतिक और राजनीतिक के तौर पर 'इंकलाब मोनचो' की स्थापना की थी।

 

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने उस्मान हादी पर हमले को पूर्व नियोजित बताया। उन्होंने कहा कि वारदात के पीछे एक गहरी साजिश और बड़ी ताकत काम कर रही है। यह हमला प्रतीकात्मक है। वे अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना चाहते हैं और चुनाव की सभी व्यवस्थाओं को बाधित करना चाहते हैं। इनसे एकजुट होकर निपटना होगा। मुहम्मद यूनुस ने हादी पर हमले के बाद सभी सियासी दलों के नेताओं और हादी के परिवार से मुलाकात की। 

कौन है उस्मान हादी?

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उस्मान हादी का जन्म झालकाठी जिले के नलचिट्टी गांव में हुआ है। उसके पिता मदरसे के शिक्षक थे। नेसारबाद कामिल मदरसा से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद निजी विश्वविद्यालय से भी शिक्षा हासिल की। 2010-2011 में उस्मान ने ढाका विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में दाखिल लिया। पिछले साल शेख हसीना के खिलाफ भड़के छात्र आंदोलन का अहम चेहरा रहा। बताया जाता है कि उस्मान कई किताब लिख चुका है। वह बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी और बांग्लादेशी आर्मी के खिलाफ था। अगर इंकलाब मंच की बात करें तो यह इस्लामी विचारधारा वाला सियासी समूह है। इसकी पूरी विचारधारा इस्लामी और राष्ट्रवादी है।

 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap