डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। इस तरह से वह एक बार फिर से दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति बनेंगे। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी भारतवंशी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को करारी शिकस्त दी है। साल 2020 में जब ट्रंप जो बाइडन से चुनाव हार गए थे तो ऐसा लगा था कि उनका सियासी करियर खत्म हो गया है लेकिन उन्होंने एक बार फिर से व्हाइट हाउस में शानदार तरीके से वापसी की है।
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति तो बनेंगे ही मगर, इस बीच अमेरिकी चुनाव में भारवंशियों का भी जलवा कायम हुआ है। इस चुनाव में छह भारतीय अमेरिकियों ने प्रतिनिधि सभा (House of Representatives) में सीटें हासिल की हैं। इस तरह से अमेरिकी संसद 'कांग्रेस' में भारतीयों की मौजूदगी पांच से बढ़कर छह हो गई है। इस लिस्ट में पहली बार चुनाव जीतकर सुहास सुब्रमण्यम भी शामिल हो गए हैं। सुहास ने वर्जीनिया और पूरे पूर्वी तट का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही इतिहास रच दिया है।
ये हैं जीतने वाले छह सांसद
नए नवेले अमेरिकी सांसद सुहास सुब्रमण्यम पेशे से वकील और वर्जीनिया राज्य के सीनेटर हैं। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के माइक क्लैंसी को हराया है। सुहास सुब्रमण्यम के अलावा जो अन्य पांच सीनेटर जीते हैं वह अमी बेरा (कैलिफोर्निया), राजा कृष्णमूर्ति (इलिनोइस), रो खन्ना (कैलिफोर्निया), प्रमिला जयपाल (वाशिंगटन) और श्री थानेदार (मिशिगन) हैं।
भारतवंशी इन सांसदों को अमेरिका में 'समोसा कॉकस' के नाम से जाना जाता है। यह समूह अमेरिका में भारतीय अमेरिकी समुदाय की एक शक्तिशाली आवाज हैं।
दूसरी बार चुनाव जीते श्री थानेदार
श्री थानेदार ने मिशिगन के 13वें डिस्ट्रिक्ट का लगातार दूसरी बार चुनाव जीता है। थानेदार ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी मार्टेल बिविंग्स को 35 प्रतिशत से अधिक वोटों के अंतर से हराया। वह दूसरी बार फिर से चुनाव जीते हैं।
पांचवीं बार सांसद बने राजा कृष्णमूर्ति
राजा कृष्णमूर्ति इलिनोइस के 8वें जिले से लगातार पांचवीं बार चुनाव जीते हैं। साथ ही राजा कृष्णमूर्ति ने लगातार पांचवीं बार इलिनोइस के सातवें कांग्रेसनल जिले से जीत हासिल की है।
सिलिकॉन वैली से रो खन्ना की जीत
इसके अलावा भारतीय अमेरिकी कांग्रेस सदस्य रो खन्ना ने सिलिकॉन वैली (कैलिफोर्निया) से लगातार पांचवीं बार सिनेटर का चुनाव जीता है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार डॉ. अमीश शाह ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डेविड श्वेइकर्ट से मामूली अंतर से हरा दिया। शाह ने डेविड को चार हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।
पेशे से डॉक्टर हैं अमिश शाह
दरअसल, एरिजोना में अमिश शाह की बढ़त महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राज्य हमेशा से रिपब्लिकन का गढ़ रहा है। शाह पेशे से डॉक्टर हैं। वह 2017 में एरिजोना हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए चुने गए थे।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार राजा कृष्णमूर्ति इलिनोइस से चुनाव जीते हैं। इस क्षेत्र में शिकागो के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और कई उपनगरीय क्षेत्र शामिल हैं। कृष्णमूर्ति साल 2016 में पहली बार कांग्रेस के लिए चुने गए थे। कृष्णमूर्ति की जीत यह दर्शाती है कि उन्हें इलिनोइस की जनता का समर्थन हासिल है। राजा कृष्णमूर्ति ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है और वह पेशे से वकील हैं।