डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका दुनियाभर से पंगे लेने में जुटा है। वेनेजुएला पर हमले बाद ईरान की सैन्य घेरेबंदी शुरू कर दी है। ग्रीनलैंड को कब्जाने की धमकी कई बार दे चुका है। मैक्सिको, क्यूबा और कनाडा भी खौफ में है। डोनाल्ड ट्रंप सरकार के कदमों से भी पता चलता है कि अमेरिका एक बड़े युद्ध की तैयारी में है। हाल ही में अमेरिका ने वित्तीय वर्ष 2027 में 1.5 ट्रिलियन का रक्षा बजट पेश करने का ऐलान किया है। यह कुल रक्षा खर्च में करीब 50 फीसद का इजाफा होगा। वहीं द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह सबसे बड़ी सैन्य तैयारी होगी। अब खबर आ रही है कि अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन THAAD मिसाइल डिफेंस सिस्टम का उत्पादन चौगुना करेगी।
लॉकहीड मार्टिन के मुताबिक मौजूदा समय में कंपनी हर साल 96 थाड सिस्टम का उत्पादन करती है, लेकिन गुरुवार को लॉकहीड मार्टिन और अमेरिका के युद्ध विभाग के साथ उत्पादन को बढ़ाने का समझौता हुआ है। इसके तहत कंपनी अब हर साल 400 से अधिक थाड सिस्टम का उत्पादन करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह समझौता अगले सात साल तक लागू रहेगा।
यह भी पढ़ें: 'हमारा पलटवार सीमित नहीं होगा', अमेरिका समेत पूरे मध्य पूर्व को ईरान की धमकी
समझौते के मुताबित कंपनी पीएसी-3 मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट इंटरसेप्टर के उत्पादन में तेजी लाएगी। इस बीच लॉकहीड ने अर्कांसस में एक नए गोला बारूद केंद्र की आधारशिला रखी। भविष्य में यही पर ही उन्नत विनिर्माण, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक से थाड और पीएसी-3 मिसाइल इंटरसेप्टर का उत्पादन किया जाएगा।
क्यों उत्पादन बढ़ा रहा अमेरिका?
लॉकहीड मार्टिन ने कहा, 'अगले तीन वर्षों में उत्पादन बढ़ाने और अर्कांसस, अलबामा, फ्लोरिडा, मैसाचुसेट्स और टेक्सास में 20 से अधिक संयंत्रों का निर्माण और आधुनिकीकरण में कई अरब डॉलर का निवेश करने का लक्ष्य है।' लॉकहीड मार्टिन के चेयरमैन जिम टैक्लेट ने कहा कि थाड उत्पादन को चार गुना करने के समझौते का मतलब यह है कि हमारे पास अपने दुश्मनों को रोकने के पहले से कहीं अधिक इंटरसेप्टर उपलब्ध होंगे। उनका यह भी तर्क है कि कंपनी को पिछले वर्ष भारी मात्रा में थाड के ऑर्डर मिले हैं। इस कारण 194 बिलियन डॉलर का बैकलॉग खड़ा हो गया है।
क्या ट्रंप के गोल्डन डोम पर फोकस?
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में गोल्डन डोम डिफेंस सिस्टम बनाने का ऐलान किया। उनका दावा है कि यह सिस्टम अमेरिका को बाहरी हमले से लीक प्रूफ सुरक्षा देगी। एक अनुमान के मुताबिक गोल्डन डोम पर 292 बिलियन डॉलर से 3.6 ट्रिलियन डॉलर के खर्च का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका गोल्डन डोम प्रोजेक्ट के तहत ही थाड एयर डिफेंस सिस्टम का उत्पादन बढ़ा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी संघर्ष की स्थित में दुनियाभर में फैले उसके ठिकानों की रक्षा की जा सके।
इजरायल का एंगल क्या है?
एक वजह यह भी है कि पिछले साल 12 दिनों के संघर्ष में ईरान के सामने इजरायल का आयरन डोम सिस्टम फेल हो गया था। 800 से अधिक ईरानी बैलेस्टिक मिसाइलों को यह सिस्टम नहीं रोक पाया था। इस कारण इजरायल को 500 लोगों की मौत के अलावा भारी मात्रा में बुनियादी ढांचे का नुकसान उठाना पड़ा था। बाद में अमेरिकी थाड सिस्टम ने ही इजरायल की रक्षा में मदद की थी। माना जा रहा है कि अमेरिका आने वाले समय में इजरायल की सुरक्षा में की थाड सिस्टम तैनात कर सकता है। उधर, इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने भी अपने एरो एंटी मिसाइल सिस्टम का उत्पादन भी तेजी से बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें: 'हजारों मौतों का जिम्मेदार', ईरान के IRGC को आतंकी सूची में डालेगा EU
क्या है थाड एयर डिफेंस सिस्टम?
THAAD का पूरा नाम टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस है। यह अमेरिका सबसे मजबूत एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम है। ठीक वैसे जैसे भारत का आकाश और रूस का एस-400 है। थाड सिस्टम वायुमंडल के अंदर और बाहर मिसाइलों को निशाना बनाने की ताकत रखता है।
लॉकहीड मार्टिन के मुताबिक थाड छोटी, मध्यम और इंटरमीडिएट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ असरदार है। मार्च 2022 में थाड में अहम अपग्रेड किया गया। थाड वेपन सिस्टम से PAC-3 मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट को जोड़ा गया है। कंपनी का दावा है कि थाड सिस्टम युद्ध में जांचा परखा है। सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात थाड के दो अंतरराष्ट्रीय ग्राहक हैं। मौजूदा समय में दुनियाभर में इसकी कुल 10 बैटरियां सक्रिय हैं। इनमें से सात अमेरिका, दो यूएई और एक सऊदी अरब में तैनात है।
पिछले साल अमेरिका ने इजरायल में थाड सिस्टम की तैनाती की थी। 100 से अधिक सैनिकों को भी भेजा था। अमेरिका के मौजूद सात थाड बैटरियों में प्रत्येक के पास छह ट्रक माउंटेड लॉन्चर और आठ इंटरसेप्टर हैं। यह सिस्टम अमेरिकी नेवी के AN/TPY-2 रडार का इस्तेमाल करता है। अगर इसकी रेंज की बात करें तो यह थाड एयर डिफेंस सिस्टम 150 से 200 किलोमीटर की दूरी पर बैलिस्टिक मिसाइलों को तबाह करने की ताकत रखता है।