दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के पिछले कुछ दिनों से सुबह, पहले जैसी नहीं रही है। वे खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सांस लेने के लिए मजबूर हैं। आनंद विहार से लेकर अशोक नगर तक, एक जैसे हालात हैं। दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (DPCC) और सरकार की ओर जो कोशिशें की जा रही हैं, वे इस प्रदूषण को रोकने में नाकाम हैं। दिल्ली का AQI, गंभीर स्तर पर पहुंच गया है।
देशभर में सबसे खराब हवा, अब दिल्ली की है। दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का कहना है कि ऐसा, घने कोहरे की वजह है। यह कोहरा कब छटेगा। दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण वाले इलाकों में टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है लेकिन हालात ऐसे हैं कि बिना बारिश के आंकड़ों में सुधार नहीं आएगा। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो अभी बारिश की उम्मीद भी नहीं है।
कैसे हैं दिल्ली में AQI के आंकड़े?
दिल्ली के आनंद विहार में AQI 473 सुबह 5 बजे तक दर्ज किया गया है। यह गंभीर से अति गंभीर की ओर बढ़ती स्थिति है। आर्य नगर, अशोक विहार और वजीरपुर में सबसे खराब हालात हैं। AQI इन इलाकों में 400 से ज्यादा है। इस स्तर को गंभीर माना जाता है।
क्या GRAP के स्टेज 3 की है जरूरत?
खराब हवा के स्तर को देखकर इसकी जरूरत महसूस हो रही है। द कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने अभी तक स्टेज 3 का प्लान तैयार नहीं किया है। अगर यह प्लान लागू होगा तो प्राइमरी स्कूलों को बंद किया जाएगा, निर्माण गतिविधियां पूरी तरह रोक दी जाएंगी, कुछ गाड़ियों पर भी प्रतिबंध लग सकता है। दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा जा सकता है।
डरावने हैं आंकड़े?
CPCB के आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली का औसत AQI ही 418 तक पहुंच गया है, शाम 4 बजे तक यह 436 हो सकता है और अति गंभीर श्रेणी में रात 9 बजे तक पहुंच सकता है। अगर ग्रेडेडे रेस्पॉन्स एक्शन प्लान का स्टेज 4 लगता है तो हो सकता है कि स्थितियां सामान्य हों। 22 अक्तूबर से ही दिल्ली में GRAP का स्टेज 2 लागू है।
बीते 24 घंटे में कैसे रहे हैं आंकड़े?
दिल्ली में 24 घंटे का AQI हर दिन, शाम 4 बजे रिकॉर्ड किया जाता है। यह 418 है, एक दिन पहले यह 334 था। CAQM ने कहा है कि तेज हवाएं गुरुवार से चल सकती हैं, जिसकी वजह से हो सकता है कि दिल्ली की हवा गंभीर से बेहद खराब की स्थिति में पहुंच जाए। CAQM का कहना है कि अब एक कमेटी, ग्रैप के स्टेज 3 को लागू करने पर विचार करेगी और इसके बारे में गुरुवार को ही जानकारी दी जाएगी। दिल्ली में बुधवार को ही इतना गहरा धुंध पहली बार नजर आया। इसकी वजह से दृश्यता भी बाधित रही।
समझिए AQI के आंकड़ों का गणित
0 से 50 के बीच AQI को अच्छा, 51 और 100 के बीच को संतोषजनक, 101 और 200 के बीच को मध्यम, 201 और 300 के बीच को खराब, 301 और 400 के बीच को बहुत खराब, 401 और 450 के बीच को गंभीर और 450 से ऊपर को बेहद गंभीर माना जाता है।
कब लागू होगा GRAP का स्टेज 3?
अगर गुरुवार को AQI गंभीर श्रेणी में ही बना रहता है तो अधिकारी GRAP के तीसरे चरण के तहत प्रतिबंध लगा सकते हैं। अगर यह लागू हुआ तो शहरी निर्माण, तोड़-फोड़, BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल गाड़ियों पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है। दिल्ली की खराब होती हवा को देखकर जरूरत यही महसूस हो रही है कि अब कड़े से कड़े प्रतिबंध लगाकर दिल्ली की हवा को सांस लेने के काबिल बनाया जा सके।