logo

ट्रेंडिंग:

उपचुनाव 2025: आज 5 सीटों पर वोटिंग, नजरें नीलांबुर और बंगाल पर टिकीं

आज देश के 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। सबसे ज्यादा नजर केरल और बंगाल की सीटों पर है, क्योंकि अगले साल इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

assembly by polls 2025 voting today

पोलिंग ऑफिसर, Photo Credit: PTI

देश के चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। इन सीटों के नतीजे 23 जून को आएंगे। गुजरात में दो और केरल, पश्चिम बंगाल और पंजाब में एक-एक सीट पर आज वोटिंग हो रही है। खास बात यह है कि केरल और बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए यह छोटे-से उपचुनाव भी काफी अहम हो गए हैं। केरल के नीलांबुर सीट पर वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो चुकी है। इससे पहले यहां एक पोलिंग बूथ पर मॉक पोलिंग की गई। नीलांबुर सीट के लिए एलडीएफ ने एम स्वराज को, यूडीएफ ने आर्यदान शौकत को और बीजेपी ने एडवोकेट मोहन जॉर्ज को उम्मीदवार बनाया है।

 

कांग्रेस ने केरल के नीलांबुर में हो रहे उपचुनाव को 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल बताया है। पार्टी का कहना है कि इस चुनाव में जीत से यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की राज्य में वापसी की शुरुआत होगी। विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस विधायक वी.डी. सतीसन ने कहा, 'यह चुनाव हमारे लिए बहुत अहम है। यह सीधी टक्कर UDF और LDF के बीच है। हम इसे 2026 के चुनाव से पहले की बड़ी परीक्षा मानते हैं। हमें भरोसा है कि हम भारी मतों से जीतेंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि पिनाराई सरकार की नाकामी को उजागर करने का मौका है। यह सरकार पिछले 9 सालों से सत्ता में है लेकिन अब जनता जवाब चाहती है।'

 

यह भी पढ़ें: एनकाउंटर में मारे गए नक्सलियों अरुणा और गजरला की कहानी क्या है?

 

प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया प्रचार

कांग्रेस को उस वक्त और ताकत मिली जब वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के लिए वोट मांगते हुए प्रचार किया। दरअसल, कांग्रेस पिछली दो बार से चुनाव हार रही है और अब वह लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट को हराकर फिर से सरकार बनाना चाहती है लेकिन पार्टी के सीनियर नेता शशि थरूर, जो तिरुवनंतपुरम से सांसद हैं, उनके साथ संबंध कुछ खास अच्छे नहीं हैं। दूसरी तरफ बीजेपी भी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में कांग्रेस के लिए सत्ता में लौटना इतना आसान नहीं होने वाला।

 

4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव

आज गुजरात की 2 सीटों कडी और विसावदर, पंजाब के लुधियाना पश्चिम, पश्चिम बंगाल के कालीगंज और केरल के नीलांबुर सीट पर वोटिंग हो रही है। गुजरात की बात करें तो यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। राज्य में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से बीजेपी के पास सबसे ज़्यादा 161 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 12, आम आदमी पार्टी के पास 4 सीटें हैं। इसके अलावा एक सीट समाजवादी पार्टी के पास है और दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के पास हैं। 

 

इसके अलावा पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार है। ममता बनर्जी यहां की मुख्यमंत्री हैं। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से TMC के पास 215 सीटें हैं। भाजपा के पास 77 सीटें हैं। कांग्रेस के पास यहां कोई भी सीट नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: UP: सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी करेंगे योग, मिलेगा 'वाई-ब्रेक'

 

पंजाब में आप (आम आदमी पार्टी) की सरकार है और भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं। यहां कुल 117 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से AAP के पास 91 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 18, अकाली दल के पास 3, BSP के पास 1 और BJP के पास 2 सीटें हैं। एक विधायक निर्दलीय भी है।

 

केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) की सरकार है और पिनाराई विजयन मुख्यमंत्री हैं। यहां कुल 140 सीटें हैं। इनमें से LDF के पास 98 सीटें हैं और UDF के पास 41 सीटें हैं।

Related Topic:#Kerala News

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap