छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों की गाड़ियों को निशाना बनाकर एक IED ब्लास्ट हुआ है। इस हमले में कुल 9 लोगों की मौत हो गई है जिसमें डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 8 जवान शामिल हैं। इन दिनों छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की ओर संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा है जिनमें कई नक्सलियों का एनकाउंटर भी किया गया है। पिछले दिनों अबूझमाड़ के जंगल में हुए एक एनकाउंटर में चार नक्सलियों को मार गिराया गया था।
IG बस्तर ने बताया है, 'कुल 9 लोग मारे गए हैं। इसमें दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान और एक ड्राइवर शामिल हैं। यह हमला बीजापुर में हुआ और नक्सलियों ने IED की मदद से गाड़ी को ही उड़ा दिया। ये जवान दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर में ज्वाइंट ऑपरेशन करके लौट रहे थे।'
4 जनवरी को एनकाउंटर
इससे पहले शनिवार यानी 4 जनवरी को हुए एक एनकाउंटर में 4 नक्सलियों को मार गिराया गया था। इस एनकाउंटर में एक जवान शहीद भी हो गया था। मारे गए नक्सलियों के पास से AK-47 और SLR जैसे ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए थे। बताया गया था कि सर्च ऑपरेशन चला रही टीम को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला तो दोनों तरफ से घंटों तक गोलियां चलती रहीं।
क्या बोले पूर्व CM रमन सिंह?
इस घटना के बारे में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा है, 'जब-जब नक्सलियों के खिलाफ बड़े ऑपरेशन होते हैं तो ये इस तरह की कायराना हरकत पर उतर आते हैं। जहां तक जानकारी आ रही है कि हमारे 10 जवान शहीद हुए हैं तो हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान उनके परिवारों को दुख सहने की इच्छा शक्ति दे और नक्सलवाद के खिलाफ जो गंभीर कदम सरकार उठा रही है, उसे और आगे बढ़ाएंगे। सरकार ऐसे हमलों से डरने वाली या झुकने वाली नहीं है।'
3 जनवरी को एनकाउंटर
इससे पहले 3 नजवरी को भी एनकाउंटर हुआ था जिसमें 3 नक्सली मारे गए थे और कुछ अन्य नक्सलियों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई थी।
गृहमंत्री अमित शाह ने रखा था टारगेट
बीते साल दिसंबर के महीने में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। इस दौरा उनके कई पूर्व नक्सलियों ने भी मुलाकात थी। ये नक्सली ऐसे थे जिन्होंने हथियार रखकर शांति का रास्ता चुना था। इसी दौरान अमित शाह ने कहा था कि 31 मार्च 2026 से पहले देश को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया था कि पिछले एक साल में कुल 287 नक्सलियों को मार गिराया गया, 837 नक्सलियों ने सरेंडर किया और एक हजार नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया।
इसी अभियान के तहत पिछले कुछ महीनों से छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज के अलावा कई अन्य राज्यों के नक्सल प्रभावित इलाकों में भी नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत हथियारबंद जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और प्रशासनिक अमला नक्सलियों को समझाकर भी मुख्य धारा से जोड़ने में लगा हुआ है।