पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन हो गया है। वह 82 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके ऑफिस ने एक बयान जारी कर बताया कि उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दफ्तर में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके ऑफिस ने बयान में कहा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता सुरेश कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्हें पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।'
बयान में आगे कहा गया है कि 'उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवणे स्थित कलमाड़ी हाउस में रखा जाएगा। दोपहर 3:30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार होगा।'
कौन थे सुरेश कलमाड़ी?
सुरेश कलमाड़ी का जन्म 1 मई 1944 को हुआ था। पुणे से स्कूली पढ़ाई करने के बाद उन्होंने 1960 में नेशनल डिफेंस एकेडमी में दाखिला लिया था। 1964 से 1972 तक वह वायुसेना में पायलट भी रहे। 1974 में वह स्क्वाड्रन लीडर के तौर पर वायुसेना से रिटायर हो गए।
रिटायरमेंट के बाद उन्होंने राजनीति की तरफ रुख किया। 1977 में वह पुणे में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने। 1982, 1988 और 1998 में वह राज्यसभा के सांसद बने। वह 1996 में लोकसभा सांसद भी चुने गए थे।
सुरेश कलमाड़ी 1996 से 2011 तक इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे। इसी दौरान 2000 से 2013 तक वह एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे।
कॉमनवेल्थ घोटाले में आया था नाम
2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए घोटाले में सुरेश कलमाड़ी का नाम आया था। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
कॉमनवेल्थ घोटाले में सुरेश कलमाड़ी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। 2011 में उन्हें जेल की सजा सुनाई गई थी। लगभग 9 महीने जेल में बिताने के बाद अप्रैल 2011 में उन्हें जमानत मिल गई थी।
13 जुलाई 2012 को दिल्ली की एक कोर्ट ने कलमाड़ी को 2012 के ओलंपिक के लिए लंदन जाने की इजाजत दे दी थी। हालांकि, 25 जुलाई 2012 को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें यह कहते हुए लंदन जाने से रोक दिया था कि उनके जाने से देश को 'शर्मिंदगी' हो सकती है।