logo

ट्रेंडिंग:

दिल्ली में GRAP-3 लागू करने की नौबत क्यों आई? पढ़ें पूरी कहानी

दिल्ली में अब GRAP स्टेज 3 लागू है। दिल्ली सरकार ने यह आदेश दिया है कि प्राइमरी स्कूल की कक्षाएं अब ऑनलाइन चलेंगी। कुछ और प्रतिबंध भी लागू हुए हैं, आखिर क्यों, आइए समझते हैं।

Delhi Kartavya Path

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सुबह का नजारा (तस्वीर-PTI)

दिल्ली-NCR में हर तरफ धुंध छाया है। देखने में यह सर्दियों वाला कोहरा लगेगा लेकिन ऐसा है नहीं। दिल्ली में वायु प्रदूषण, अपने चरम पर है। यही वजह है कि सरकार ने ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज 3 लागू कर दिया है। दिल्ली में लगातार एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर स्थिति में बना हुआ है। धुंध के चादर में लिपटी दिल्ली को उम्मीद है कि कुछ प्रतिबंधों से हो सकता है कि खतरनाक हवा में प्रदूषण का स्तर कुछ कम हो। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने GRAP-3 लागू करने का आदेश जारी किया है।

दिल्ली सरकार ने भी ऐलान किया है कि दिल्ली में खतरनाक स्तर पर बढ़ते वायु प्रदूषण की वजह से प्राइमरी स्कूलों में होने वाली पढ़ाई अब ऑनलाइन मोड में होगी। फिजिकल क्लास नहीं होगी। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़े लगातार बता रहे हैं कि वायु प्रदूषण किस हद तक गंभीर स्थिति में पहुंच गया है।

आनंद विहार का AQI गुरुवार सुबह 6 बजे 441 पर था। बवाना में 455, द्वारका में 444, जहांगीरपुरी में 458 और औसतन एयक क्वालिटी इंडेक्स 400 तक पहुंच गया था। यह गंभीर स्थिति है। आइए जानते हैं कि GRAP के तहत क्या प्रतिबंध लागू हुए हैं, किन मामलों में छूट मिली है।

दिल्ली में कौन से प्रतिबंध लागू हैं?
-दिल्ली-NCR, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल (चार पहिया वाहन) पर सख्त प्रतिबंध लागू। अगर कोई प्रतिबंध तोड़े तो 20,000 रुपये का जुर्माना लगेगा।
- दिल्ली में बाहरी राज्यों से आने वाली बसों की एंट्री बैन।
- निर्माण और विध्वंस वाली सभी गतिविधियों पर रोक लगी है।
- खनन से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी।
- प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव होगा।
- प्राइमरी स्कूल, ऑनलाइन मोड में काम करेंगे।


GRAP से किसे है छूट?
- इलेक्ट्रिक गाड़ियां, CN, BS-VI डीजल बस दिल्ली-NCR में चलेंगी।
- जिन निर्माण गतिविधियों में प्रदूषण कम फैले, उन्हें जारी रखने की इजाजत है। 

दिल्ली
दिल्ली में लोग प्रदूषण से बचने के लिए मास्क का सहारा ले रहे हैं। (तस्वीर-PTI)


दिल्ली में कैसे हैं प्रदूषण के आंकड़े?
दिल्ली में हर दिन शाम 4 बजे AQI के 24 घंटे के आंकड़े दर्ज किए जाते हैं। बीते दिन 418 था, जो अब बढ़कर 424 तक पहुंच गया है। दिल्ली में 39 विजिलेंस सेंटर हैं, जिनमें 27 जगहें ऐसी हैं, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स गंभीर स्थिति में है। 

क्यों लागू हुआ ग्रैप?
जब दिल्ली में AQI 400 पार गया, तभी CAQM ने GRAP 3 लागू करने का आदेश जारी किया। अगर AQI, 201 से 300 बीच होता है तो GRAP का स्टेज 1 लागू होता है। अगर 301 से 400 के बीच AQI पहुंचता है तो GRAP-2 लागू होता है। अगर AQI के आंकड़े 400 पार होते हैं तो GRAP-3 लागू होता है। अगर AQI 450 भी पार कर जाता है तो GRAP-4 लागू होगा। 


आखिर कौन फैला रहा है दिल्ली में प्रदूषण?
दिल्ली में गाड़ियों से निकलने वाला उत्सर्जन भी प्रदूषण का एक कारक है। अगर प्रदूषण बोर्ड की मानें तो प्रदूषण का 12.2 प्रतिशत हिस्सा यहीं से आता है। पड़ोसी राज्यों में पराली का जलाया जाना भी एक वजह है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) ने एक सेटेलाइट डेटा शेयर किया है, उसके मुताबिक गुरुवार को पंजाब में 5, हरियाणा में 11, यूपी में 202 खेतों की पराली जलाई गई है। यह भी दिल्ली के कथित गैस चैंबर में बदलने की एक वजह है। 

Related Topic:#Delhi pollution

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap