दिल्ली में सोमवार का दिन, सबसे गरम दिनों में से एक रहा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दिल्ली में हवाएं शांत पड़ी रहीं और एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब श्रेणी में बना रहा। दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों में भी ऐसा ही मौसम बनेगा रहेगा, मौसम विभाग ने यह अनुमान जताया है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है। वहीं इससे पहले 8 और 18 अप्रैल को दिल्ली में तापमान 41 डिग्री तक पहुंचा था।
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में गर्मी बढ़ी रहेगी। स्काइमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पालावत ने कहा, 'दिल्ली में मौसम में शुष्क रहेगा, तापमान बढ़ेगा। अगले दो दिनों तक हवा की रफ्तार भी धीमी पड़ी रहेगी।'
यह भी पढ़ें: सुबह की पॉटी से लेकर रात को सोने तक; कैसे पृथ्वी की सेहत बिगाड़ रहे हम
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अधिकतम तापमान 39 डिग्री से 41 डिग्री तक अगले दो दिनों तक बना रहेगा, मौसम में सूखापन रहेगा, तापमान गुरुवार तक 40 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से 26 डिग्री के बीच रह सकता है।
खराब हुई दिल्ली की हवा
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। सोमवार को AQI 205 था, जो खराब श्रेणी में आता है। रविवार को AQI 140 था। AQI अगर 0-50 है तो इसे अच्छा माना जाता है, 51-100 को संतोषजनक माना जाता है, जबकि 201-300 के बीच में अगर AQI है तो इसे खराब श्रेणी में रखा जाता है।
यह भी पढ़ें: AC, कार और फोन, हर साल बढ़ती गर्मी के जिम्मेदार हैं आपके 'शौक'
कई राज्यों में जारी रहेगी हीटवेव
यूपी में भी मौसम की मार जारी रहेगी। गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने यूपी में हीटवेव जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड, झांसी, आगरा, प्रयागराज और लखनऊ जैसे इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ेगी। 20 से ज्यादा जिलों में लू पड़ेगी। बाड़मेर, जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ संवेदनशील बने रहेंगे। बिहार में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
बारिश कहां हो सकती है?
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, केरल, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी बारिश हो सकती है।