उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। पिछले कई दिनों से मौसम विभाग की ओर से बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया था। 28 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 27 जनवरी 2026 को कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई।
आने वाले कुछ दिन उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य प्रदेश के आसपास के मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। इसके अलावा, 30 जनवरी 2026 की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर बदलाव हो सकता है।
यह भी पढ़ें: 'जो समर्थक थे, झंडे उतार रहे हैं,' कैसे UGC के एक नियम पर फंसी BJP सरकार?
पिछले 24 घंटों में कोहरे की स्थिति
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा देखा गया, जहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। वहीं पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता 50 से 199 मीटर के बीच दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सरसवा में विजिबिलिटी शून्य रही, जबकि नजीबाबाद में 150 मीटर दर्ज की गई। पंजाब के पटियाला में 50 मीटर और लुधियाना में 200 मीटर दृश्यता रही। मेघालय के बारापानी में 100 मीटर तथा पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा और खजुराहो में 50 से 199 मीटर के बीच विजिबिलिटी रही। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ठंड का असर बना रहा।
पिछले 24 घंटों में तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचे इलाकों को छोड़ दें तो देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे रहा।
यह भी पढ़ें: UGC नियम के विरोध में अयोध्या के संत, PM से कहा- इच्छामृत्यु की इजाजत दो
गुजरात, महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, तमिलनाडु और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहा। पंजाब, उत्तरी हरियाणा, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास रहा।
भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के अलवर में दर्ज किया गया।
घना कोहरा और ठंड को लेकर चेतावनी
28 से 30 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं उत्तराखंड में 29 और 30 जनवरी को, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में 28 और 29 जनवरी को कोहरे की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी तक शीत लहर चल सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में भी ठंडी हवाएं चलने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 28 जनवरी को दिन के समय भी ज्यादा ठंड पड़ सकती है।