logo

ट्रेंडिंग:

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 13 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम का यह सिलसिला 13 जुलाई तक जारी रहेगा। देश के कुछ जिलों में मध्यम बाढ़ की चेतावनी भी जारी की गई है।

Weather update.

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट। (Photo Credit: PTI)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गोवा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुजरात, कर्नाटक समेत देश के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। 9 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक 10 जुलाई तक मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना और विदर्भ में 9 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उधर, उत्तराखंड में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। 

 

यह भी पढ़ें: रिटायरमेंट के बाद कब तक सरकारी बंगले में रह सकते हैं पूर्व CJI? समझिए

हिमाचल में हुई हल्की से मध्यम बारिश

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में बरठीं, ऊना, नैना दवी, गोहर, बिलासपुर सदर, बंगाणा, मंडी, काहू, कंडाघाट, तिस्सा में हलकी से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भुंतर में 34.0 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान केलोंग में 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के 10 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 13 जिलों में येलो अलर्ट है। प्रदेश के बालाघाट और मंडला समेत अन्य कई जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक जबलपुर, बालाघाट और मंडला जिले में आज स्कूल बंद रहेंगे। मंडला जिले में नर्मदा नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोर, नर्मदापुरम, बैतूल, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पंढुर्ना जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रायसेन, सीहोर, हरदा और खरगोन समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट है।

 

इन स्थानों पर अचानक बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में मध्यम बाढ़ की चेतावनी जारी की है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और फ्लैश फ्लड से कई लोगों की जान गई है। 

 

  • छत्तीसगढ़: बलरामपुर, बालोद, बस्तर, कांकेर, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, राजनांदगांव और सूरजपुर।
  • पूर्वी मध्य प्रदेश: अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, शहडोल और उमरिया।
  • विदर्भ: गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और यवतमाल।

13 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत: 13 जुलाई तक उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और 10 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान में भारी वर्षा की संभावना है। 08 से 10 जुलाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होगी। 8 जुलाई यानी आज पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बहुत भारी वर्षा का अनुमान है।

 

पूर्वोत्तर भारत: 13 जुलाई तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा की चेतावनी। 11 और 13 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: यश दयाल यौन शोषण मामले में दोषी पाए गए तो कितने साल जेल में रहेंगे?

 

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: तेलंगाना में 9 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले चार दिन दक्षिण भारत में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 13 जुलाई तक तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भारी बारिश की संभावना है।

 

पश्चिमी भारत: अगले छह दिनों तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है। 8 और 9 जुलाई को मराठवाड़ा और 12 व 13 जुलाई को सौराष्ट्र और कच्छ में भारी वर्षा की चेतावनी।

 

पूर्वी और मध्य भारत: 13 जुलाई तक मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है। 10 जुलाई तक विदर्भ, छत्तीसगढ़ और 8 जुलाई को पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा में भी चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 

 

Related Topic:#Weather Today

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap