उत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान के बाद आने वाले कुछ दिन भीषण गर्मी से लोगों को जूझना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 11 जून तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं 9 व 10 को पूर्वी यूपी और 11 जून तक पश्चिमी यूपी में लू चलने की संभावना जताई है। राजस्थान के भी अलग-अलग इलाकों में भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने रविवार (7 जून) को केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, आंतरिक कर्नाटक, गोवा, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: युवक ने चाकू से मां पर किया हमला, बाद में 5वीं मंजिल से कूदकर की खुदकुशी
इन राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
पश्चिमी राजस्थान, छत्तीसगढ़ व अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। 7 जून को ओडिशा के कुछ इलाकों में रात का तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की भी संभावना है। पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक में आंधी के साथ साथ बिजली कड़कने की भी चेतावनी दी गई है।
आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों, ओडिशा, तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराइकल, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल-सिक्किम में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ आंधी-तूफान आने की बहुत संभावना है। ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में लूट चलने की चेतावनी है।
यह भी पढ़ें: 'यह झूठ फैलाने का फोरम नहीं', भारत ने UN में पाकिस्तान को खूब खरी-खरी सुनाई
12 जून तक कैसा रहेगा मौसम?
9 और 10 जून को पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी यूपी में लू चलने की संभावना है। 8 जून को तटीय आंध्र प्रदेश में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 8 से 11 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में लू का अलर्ट जारी किया है। 9 से 11 जून को पश्चिमी यूपी, 8 से 12 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान और ओडिशा में 7 व आठ जून को लू चलने की प्रबल संभावना है। 8 से 10 जून के बीच ओडिशा में मौसम उमस भरा और गर्म रहेगा।
कहां पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून?
6 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर के पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य हिस्सों, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के पूरे पूर्व-मध्य हिस्से और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से, मिजोरम और मणिपुर में और आगे बढ़ गया है।