पहलगाम आतंकी हमले के 10 से ज्यादा दिन बीत गए हैं। इन गुजरे दिनों में भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध, सबसे बुरे दौर में पहुंच गए हैं। एक जमाने में व्यापार के लिए मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा पाने वाले पाकिस्तान के साथ सारे व्यापारिक संबंध खत्म हो गए हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने 2 मई को ही जारी आदेश में कहा है कि पाकिस्तान के साथ न तो सीधे, न ही किसी अन्य देश के जरिए कोई भी व्यापार हो सकेगा। पाकिस्तानी उत्पाद भारतीय क्षेत्र से नहीं गुजर सकेंगे। भारत ने पाकिस्तान पर वाटर स्ट्राइक भी की है। अब पाकिस्तान को सिंधु जल समझौते के तहत मिलने वाले पानी को भी रोकने की तैयारी हो रही है।
भारत कूटनीतिक स्तर पर पाकिस्तान पर दबाव बना रहा है। भारत ने बगलिहार बांध के जरिए पाकिस्तान का पानी रोक दिया है। यह बांध, चेनाब नदी पर बना है। सिंधु जल संधि कहती है कि इस पानी का ज्यादातर हिस्सा पाकिस्तान को मिलेगा। बांध की वजह से पानी का बहाव भारत ने कम कर दिया है। यह बांध जम्मू क्षेत्र के डोडा जिले में बना है।
यह भी पढ़ें: लोन पर कितनी निर्भर है पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था? डेटा से समझें
हवाई स्पेस बंद, बंदरगाह बंद, पाकिस्तान के साथ व्यापार खत्म
भारत ने पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के आयात और निर्यात को प्रतिबंधित कर दिया है। अब पाकिस्तान के स्वामित्व वाले जहाजों की भारत में डॉकिंग नहीं हो सकेगी। सभी मालवाहक गाड़ियां, हवाई जहाज और मालवाहक पाकिस्तानी जहाजों पर रोक लगा दी गई है। भारत ने आधिकारिक तौर पर साफ कह दिया है कि पाकिस्तान के साथ कोई भी व्यापार नहीं होगा। |
पानी के लिए तरसेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान ने सतह से सतह पर मार करने वाली एक बैलिस्टिक मिसाइल की टेस्टिंग की है। ऐसी मिसाइलें भारत में पहले से हैं। भारत ने पाकिस्तान की इस हरकत का जवाब प्रतिबंधों से दिया है। सरकार ने सिंधु जल संधि पहले ही स्थगित कर दी थी, अब बगलिहार बांध के दराजों को नीचे कर दिया गया है, जिससे पाकिस्तान की ओर बहने वाले पानी को रोका जा सके। भारत अब तक यहां से पाकिस्तान को भरपूर पानी देता था। भारत अब पानी नहीं देगा तो पाकिस्तान में पानी की किल्लत शुरू हो जाएगी। झेलम नदी पर किशनगंगा बांध में भी यही ऐक्शन हो सकता है।
यह भी पढ़ें: तनाव के बीच अब कैसा है भारत-पाकिस्तान का ट्रेड? आंकड़ों से समझें
पाकिस्तान ने जवाब में क्या किया?
पाकिस्तान ने शनिवार को 450 किमी रेंज वाली अब्दाली मिसाइल का परीक्षण किया। भारत का कहना है कि पाकिस्तान उकसा रहा है। भारत ने कहा है कि यह कदम खतरनाक है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने समुद्री युद्धाभ्यास बढ़ा दिया है। पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। अब यह मिसाइल परीक्षण तनाव बढ़ाने की कोशिश है।
भारत ने जवाब में क्या किया?
भारत ने इसके जवाब में कई और कदम उठाए। डाक विभाग ने पाकिस्तान से सभी डाक और पार्सल सेवाओं को निलंबित कर दिया। पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों को भारतीय बंदरगाहों पर रुकने से मना किया गया और भारतीय जहाजों को पाकिस्तानी बंदरगाहों में जाने से रोका गया। पहले सेट के उपायों में भारत ने वीजा रद्द किए, पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा, पाकिस्तान हाइकमीशन के कर्मचारियों की संख्या कम की और अटारी सीमा बंद की थी। दोनों देशों ने एक-दूसरे के लिए हवाई क्षेत्र और व्यापार भी बंद कर दिया है।
यह भी पढ़ें: भारत के इनपुट पर श्रीलंका ने की विमान की तलाशी, पहलगाम से था कनेक्शन
भारत ने यह कदम क्यों उठाया है?
भारत ने ये कदम पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में उठाया है। पहलगाम में मारे गए 26 लोगों को अब तक इंसाफ नहीं मिला है। आतंकियों को पकड़ा नहीं जा सका है। भारत का कहना है कि इस हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं। पाकिस्तान ने कहा है कि अगर भारत के आरोप सही हैं तो इसकी संयुक्त राष्ट्र संघ के स्तर पर जांच होनी चाहिए।